गोरखपुर खजनी डी के यू हिन्दी दैनिक रवि कुमार:उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पिपरौली ब्लाक में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी (वीडीओ) रामपलट यादव की पत्नी मंजू देवी (55) ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर जहरीला पदार्थ खा लिया। अचेतावस्था में मिलने के बाद बेटे ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वीडीयो रामपलट यादव मूलरूप से बांसगांव इलाके के सरबसी गांव के रहने वाले हैं। उनकी पत्नी मंजू ने वीडियो वायरल कर आरोप लगाया था कि उनके पति का एक महिला के साथ अनैतिक संबंध है। पति, महिला, उसके बच्चों और भाई के साथ मिलकर मुझे प्रताड़ित करते हैं।
शुक्रवार को बेटी से मोबाइल लेकर यह वीडियो बनाने के बाद मंजू देवी घर से निकल गई। बेटी ने जब वीडियो देखा तो उसने इसकी जानकारी अपने भाई को दी। मां की तलाश में बेटा घर से निकला तभी उसे पता चला कि उसकी मां अचेतावस्था में कचहरी के पास पड़ी है।
एक राहगीर ने उनसे नंबर पूछकर सूचना दी थी। सूचना पाते ही बेटा पहुंचा और जिला अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन महिला की मौत हो गई। इसके बाद बड़े बेटे ने रामगढ़ताल थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शव को मोर्चरी में रखा है। वीडीयो में महिला ने पति समेत पांच लोगों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
दो साल पूर्व बेटी ने भी की थी खुदकुशी मंजू की दो बेटी और तीन बेटे थे। कलह की वजह से दूसरे नंबर की बेटी ने दो साल पहले खुदकुशी कर ली। घटना के बाद मंजू बड़ी बेटी व तीनों बेटों को लेकर शहर में चली आई। बड़ी बेटी बीएससी की छात्रा है। बेटे इंटरमीडिएट, कक्षा नौ और तीन में पढ़ते हैं। बेटी ने बताया कि खर्च चलाने के लिए भाई दुकानों पर काम करते हैं।

