गाजियाबाद में एक ऐसा चिकित्सालय जहां किया जाता है बेजुबान पक्षियों का इलाज, इसमें है प्राइवेट वार्ड से लेकर आईसीयू तक की सुविधा :-
ब्यूरो चीफ /सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के कविनगर स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पक्षी चिकित्सालय बेजुबान पक्षियों के लिए संजीवनी बनकर उभरा है। जैन मंदिर परिसर में संचालित यह चिकित्सालय घायल और बीमार पक्षियों को निःशुल्क उपचार प्रदान कर रहा है। यहाँ आधुनिक आईसीयू और ओपीडी की सुविधाओं के माध्यम से पक्षियों की समुचित देखभाल की जाती है।
चिकित्सालय में वर्तमान में 600 से अधिक पक्षियों का इलाज और संरक्षण किया जा रहा है। तोता, मैना, कबूतर, कौआ, बाज और चील सहित विभिन्न प्रजातियों के पक्षी रोज़ाना यहाँ उपचार के लिए लाए जाते हैं। स्थानीय लोग सड़क किनारे या छतों पर घायल मिले पक्षियों को रेस्क्यू कर अस्पताल तक पहुँचाते हैं।
यह पहल जैन समाज द्वारा भगवान महावीर के ‘जियो और जीने दो’ के सिद्धांत से प्रेरित है। श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पक्षी चिकित्सालय न केवल पक्षियों को नया जीवन दे रहा है, बल्कि समाज को करुणा, मानवता और जीव-दया का सशक्त संदेश भी दे रहा है।

