पत्रकार के परिवार पर जानलेवा हमला, FIR के बाद भी पुलिस की सुस्ती पर उठ रहे है सवाल
देश की उपासना
मुम्बई ब्यूरो चीफ़ धनन्जय विश्वकर्मा।
नालासोपारा (विरार): पालघर जिले के आचोले पुलिस थाना अंतर्गत ‘एवरशाइन सिटी’ की सवियो सोसाइटी में 15 जनवरी 2026 को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक स्थानीय पत्रकार के परिवार पर ड्रग्स के नशे में धुत हमलावरों ने न केवल जानलेवा हमला किया, बल्कि उन्हें गंभीर धमकियाँ भी दीं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने मामला दर्ज होने के बावजूद राजनीतिक दबाव के चलते अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है।
घटना का विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर लगभग 12 बजे की है। पत्रकार परिवार का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ता उदय विजय शेट्टी के परिवार (माँ, बहन सना और भांजी अलीशा) ने इस हमले को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पहले पत्रकार के घर से सोने के जेवर और नकदी चोरी की थी। जब पीड़ित परिवार ने अपना सामान वापस माँगा, तो आरोपियों ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत घर में घुसकर हमला कर दिया।
हमले की भयावहता
इस हिंसक हमले में पत्रकार की पत्नी गीता जायसवाल, बेटी सविता जायसवाल सहित घर में मौजूद दो छोटे बच्चों और उनकी वृद्ध माँ को निशाना बनाया गया। आरोप है कि हमलावर ड्रग्स के नशे में थे। हमले के दौरान अपराधियों ने परिवार को जान से मारने और महिलाओं के साथ दुष्कर्म करने जैसी वीभत्स धमकियाँ भी दीं, जिससे पूरा परिवार और सोसाइटी के निवासी दहशत में हैं।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
आचोले पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है:
धारा 79: महिला की गरिमा को ठेस पहुँचाना
धारा 333: घर में जबरन घुसना (House-trespass)
धारा 115(2): स्वेच्छा से चोट पहुँचाना
धारा 352: शांति भंग करने के इरादे से अपमान
धारा 351(2): आपराधिक धमकी
धारा 3(5): संयुक्त देयता (Common intention)
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
इतनी गंभीर धाराएं लगने और आरोपियों का पिछला आपराधिक रिकॉर्ड होने के बावजूद पुलिस की ‘चुप्पी’ चर्चा का विषय बनी हुई है। सूत्रों का दावा है कि मुख्य आरोपी के भाजपा कार्यकर्ता होने के कारण पुलिस कार्रवाई करने में आनाकानी कर रही है। पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई भी अनहोनी होती है, तो इसकी सीधी जिम्मेदारी उदय शेट्टी, उसके परिवार और स्थानीय पुलिस प्रशासन की होगी।
सोसाइटी के निवासियों की मांग है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इन ‘ड्रग्स पेडलर गैंग’ और हमलावरों को तुरंत सलाखों के पीछे भेजा जाए।

