18 लाख के 111 गुमशुदा मोबाइल फोन पुलिस ने जनपद और आसपास के जिलों से किया बरामद उनके स्वामियों को सौंपा
जौनपुर,02 फरवरी। यूपी के जौनपुर में साइबर क्राइम थाना पुलिस टीम ने सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से 111 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों का कुल बाजार मूल्य लगभग 18 लाख रुपये आंका गया है। बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए हैं। मामले का सोमवार को खुलासा करते हुए एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि गुमशुदा मोबाइलों के प्रार्थना पत्रों और सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर, साइबर क्राइम थाना जौनपुर की पुलिस टीम ने इन फोनों का पता लगाया। बरामद किए गए 111 मोबाइल जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मिले हैं, जिनमें शाहगंज (19), खुटहन (04), कोतवाली (03), लाइनबाजार (03), सरायख्वाजा (03), तेजीबाजार (02), सरपतहाँ (03), सुजानगंज (03), मडियाहू (03), मुगराबादशाहपुर (02) और नेवडिया (01) शामिल हैं।इन मोबाइलों की बरामदगी केवल जौनपुर तक सीमित नहीं थी, बल्कि उत्तर प्रदेश के अन्य जनपदों जैसे आजमगढ़, प्रयागराज, बहराईच, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही से भी फोन बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त, कुछ मोबाइल फोन दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान जैसे अन्य राज्यों से भी खोजे गए।बरामद किए गए मोबाइलों में मुख्यतः वन प्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया और सैमसंग जैसी विभिन्न कंपनियों के फोन शामिल हैं। इन सभी मोबाइलों का कुल बाजार मूल्य लगभग 18 लाख रुपये है।बरामद किए गए मोबाइल फोन अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव और क्षेत्राधिकारी सदर साइबर क्राइम देवेश सिंह द्वारा उनके स्वामियों को वितरित किए गए। अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस पाकर सभी धारक काफी संतुष्ट और प्रसन्न दिखे।इस अवसर पर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने जनता को सलाह दी कि मोबाइल फोन गायब होने की स्थिति में सबसे पहले थाने में गुमशुदगी दर्ज कराएं और उसके बाद सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता को बचाव का सबसे महत्वपूर्ण उपाय बताया।उन्होंने यह भी बताया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर ऑनलाइन शिकायत करें इसके अलावा, नागरिक अपने नजदीकी थाने की साइबर हेल्पडेस्क पर पहुंचकर लिखित शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं
।

