जिलाधिकारी ने विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की
खराब प्रगति पर चेतावनी, उत्कृष्ट एईआरओ को किया सम्मानित
जौनपुर: जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने एनआईसी सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष मतदाता पुनरीक्षण के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के द्वितीय चरण में अनमैप्ड मतदाताओं को नोटिस तामील कराने और सुनवाई सहित अन्य बिंदुओं पर विधानसभावार ईआरओ एवं एईआरओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
इस दौरान, शत-प्रतिशत नोटिस तामील करने और साक्ष्य मिलान हेतु सुनवाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एईआरओ को प्रोत्साहित व सम्मानित किया गया। वहीं, खराब प्रगति वाले एईआरओ को चेतावनी देते हुए अगले एक-दो दिन में सुधार करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, समस्त ईआरओ एवं एईआरओ, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, उप निदेशक कृषि, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग और अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग ने भाग लिया।

