दिल्ली दरवाजा में बनेगा पार्क,कच्चा नाला को पक्का बनवाने का वादा
(डाक्टर अजय तिवारी जिला संवाददाता)
अयोध्या।नगर की सरकार आपके द्वार अभियान के तहत महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी एवं नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने विक्रमादित्य वार्ड का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने नजूल की खाली पड़ी जमीन पर पार्क बनवाने एवं कच्चा नाला को पक्का बनवाने का वादा किया।सुबह के लगभग साढ़े आठ बजे महापौर व नगर आयुक्त गुदड़ी बाजार तिराहा पहुंचे तो पार्षद प्रतिनिधि धर्मेंद्र मिश्र ने स्थानीय नागरिकों के साथ फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। यहां स्थानीय नागरिकों ने बंगालीहाता के पास नाली की सफाई एवं रोड लाइट जलवाने की मांग की। महापौर ने इस पर अधिकारियों को कार्यवाही के निर्देश दिए। पार्षद प्रतिनिधि ने सीवर डलवाने का मुद्दा उठाया।
थोड़ा आगे बढ़ने पर कार्नर पर स्थित जर्जर भवन में लटके तार बदलवाने की मांग सामने आई तो महापौर ने बिजली विभाग से पत्राचार करने का भरोसा दिया। महापौर ने रास्ते में लगे इंडिया मार्का-टू हैंडपंप को चलवाकर जांच की तो नल सही पाया गया। नालियों में एंटीलार्वा का छिड़काव चल रहा था। सफाई कर्मियों को ठेले से कूड़ा उठाता देख महापौर ने संतोष जताया।अधिवक्ता संजय श्रीवास्तव की गली के सामने खाली पड़ी जमीन पर पौधरोपण कर पार्क बनवाने एवं हाईमास्ट लाइट एवं लोगों के बैठने के लिए बेंच लगवाने की मांग पर महापौर ने जल्द कदम उठाने का वादा किया। उन्होंने दिल्ली दरवाजा ढाल पर सड़क सही करवाने का भरोसा दिया। इस दौरान लोगों ने पेयजल संकट से महापौर को अवगत कराया। राजेश निषाद के आवास के पास नाले पर स्लैप डलवाने का भी वादा महापौर ने किया। इस दौरान कच्चा नाला को पक्का बनवाने, परिक्रमा मार्ग को जल्द पूरा कराने की आवश्यकता जताई गई।भ्रमण के दौरान विघ्नेश्वरनाथ महादेव के पास गंदगी देखकर नाराजगी जताई और सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने क्रॉसिंग एवं नालियों पर टूटी हुई पटिया ठीक करने का भरोसा दिया। दिल्ली दरवाजा में एक जगह बिजली का खंभा टेढ़ा होने पर नगर आयुक्त ने नए खंभे पर तारों के स्थानांतरण कराने के लिए पत्राचार का निर्देश अधिकारियों को दिया।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि महापौर ने भ्रमण के दौरान लोगों के घरों में सप्लाई हो रहे पेयजल की जांच कराई। पानी का टीडीएस सामान्य पाया गया। जल जनित रोगों की रोकथाम के लिए अवशेष क्लोरीन भी पानी में पाया गया। निरीक्षण के दौरान पार्षद सुनील यादव, अपर आयुक्त भारत भार्गव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार, महाप्रबंधक जलकर सौरव श्रीवास्तव,निर्माण खंड के सहायक अभियंता राजपति यादव, भाजपा के मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, रवि सोनकर, आलोक द्विवेदी, पूर्व पार्षद दिलीप जायसवाल, मदन पहलवान, अमीरचंद जायसवाल आदि थे।

