ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के करीब 5 लाख निवासियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के लिए एक्वा लाइन के विस्तार का फैसला किया है। प्रस्तावित कॉरिडोर नोएडा सेक्टर-61 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 (गौर चौक) तक लगभग 6 किमी लंबा होगा और पूरी तरह एलिवेटेड रहेगा।
इस विस्तार में चार स्टेशन—सेक्टर-61 (कॉमन स्टेशन), सेक्टर-70, सेक्टर-123 और सेक्टर-4—शामिल होंगे। सेक्टर-61 पर Delhi Metro Rail Corporation की ब्लू लाइन से इंटरचेंज की सुविधा मिलेगी, जबकि सेक्टर-4 पर प्रस्तावित National Capital Region Transport Corporation (एनसीआरटीसी) की आरआरटीएस लाइन से कनेक्टिविटी होगी। इससे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) तक पहुंच भी आसान होगी।
एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश के अनुसार, संशोधित डीपीआर जल्द ही उत्तर प्रदेश कैबिनेट को भेजी जाएगी। परियोजना को केंद्र और राज्य सरकार के साथ नोएडा व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण संयुक्त रूप से वित्तपोषित करेंगे।
इस कॉरिडोर से प्रतिदिन लगभग 1.25 लाख से अधिक यात्रियों को लाभ मिलने की संभावना है और ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र में यातायात जाम से राहत मिलेगी।

