अयोध्या मेडिकल कॉलेज में चार आक्सीजन प्लांट पर काम शुरू

अयोध्या : मेडिकल कॉलेज में आक्सीजन की कमी दूर होने के आसार हैं। हमारे संवाददाता सुरेंद्र कुमार “गौतम”के मुताबिक कॉलेज में चार आक्सीजन जनरेशन प्लांट लगाने का कार्य आरंभ कर दिया गया है, इससे 120 बेडों पर आक्सीजन की सीधी सप्लाई हो सकेगी। माना जा रहा है कि सोमवार से प्लांट आरंभ भी हो जाएगा। इससे सिलेंडर्स की खपत कम हो जाएगी। वहीं जिला चिकित्सालय में पांच आक्सीजन कंसंट्रेटर भी उपलब्ध हो गया है। एक कंसंट्रेटर से दो लोगों को आक्सीजन मिल सकेगी। मौजूदा समय में सांस के रोगियों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। सबसे हैरान करने वाली बात तो यह है कि इनमें ऐसे लोग हैं, जिनमें लक्षण होने पर भी एंटीजन और आरटी-पीसीआर रिपोर्ट नेगेटिव आई, लेकिन चंद दिनों में ही उन्हें सांस लेने में परेशानी शुरू हो गई। समस्या ये भी है कि रिपोर्ट नेगेटिव होने पर मेडिकल कॉलेज भर्ती नहीं कर रहा और जिला चिकित्सालय पर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। जिला चिकित्सालय में आक्सीजन की कमी लगातार बनी हुई है। आवश्यकता के अनुरूप आक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह का कहना है कि आक्सीजन की आपूर्ति सुचारु रखने का भरपूर प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *