UP की मैनपुरी पुलिस को MP के ग्वालियर में बिना सूचना दबिश देना महंगा पड़ गया। पत्नी की हत्या के बाद पुलिस कस्टडी से फरार 10 हजार के इनामी बदमाश को पुलिस ने पकड़ भी लिया गया था, पर साथ नहीं ले जा पाए। बदमाश के साथियों ने UP पुलिस को घेरकर बंधक बना लिया। स्कॉर्पियो पर पथराव किया और बदमाश को छुड़ा ले गए।
असल में यह इनामी बदमाश, एक लाख रुपए के इनामी गैंगस्टर गुड्डू चौहान का साथी है। गुड्डू के भी ग्वालियर में छिपे होने की खबर थी। ऐसा पता लगा है कि बदमाश के साथियों ने दो पुलिस जवानों को करीब 40 मिनट तक बंधक बनाकर रखा था। बदमाश को पुलिस जवान पकड़कर ले जा रहे हैं ऐसा एक वीडियो भी बदमाश के साथियों ने वायरल किया है।
गुरुवार को उत्तरप्रदेश के मैनपुरी के कोतवाली थाना पुलिस एक लाख रुपए के इनामी गैंगस्टर गुड्डू चौहान और उसके साथी 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश सौरभ भदौरिया उर्फ गोविंद उर्फ प्रदीप की तलाश में ग्वालियर आई थी। पुलिस की टीम इंस्पेक्टर ओमहरि वाजपेयी, सब इंस्पेक्टर अमित सिंह के नेतृत्व में ग्वालियर पहुंची थी। वैसे तो UP पुलिस को MP पुलिस को सूचना देनी चाहिए थी, लेकिन यहां UP पुलिस ने गलती कर दी।

