गोरखपुर / मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का निजी आवास और गुरु गोरक्षनाथ मंदिर सहित यहां के सिविल एयरपोर्ट की सुरक्षा को और हाईटेक करने की तैयारी शुरू हो गई। इन दिनों महत्वपूर्ण जगहों पर अब डॉग स्क्वॉयड व बम निरोधी दस्ता की अलग से तैनात की तैयारी की जा रही है। इसके लिए पुलिस की ओर से तैयारी भी शुरू हो गई है। दोनों जगहों पर डॉग स्क्वॉयड व बम निरोधी दस्ता तैनात करने के लिए गोरखपुर जोन के एडीजी अखिल कुमार ने शासन को प्रस्ताव भेज दिया है। स्वीकृति मिलते ही इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
गोरखपुर में दो महत्वपूर्ण स्थानों गोरखनाथ मंदिर और गोरखपुर सिविल एयरपोर्ट की सुरक्षा का जिम्मा अभी यूपी पुलिस के पास ही है। दोनों स्थानों पर भारी भरकम फोर्स तैनात की जाती है। इन संवदेनशील जगहों पर बम निरोधक दस्ता या फिर डॉग स्क्वायड की टीम नहीं तैनात हो पाती है। क्योंकि गोरखपुर में अभी सिर्फ एक ही डॉग स्क्वायड टीम है जो कि उस स्तर की नहीं है। यही वजह है कि इन दोनों स्थानों के लिए अलग से दो टीमों की डिमांड की गई है।
एडीजी अखिल कुमार ने बताया कि गुरु गोरक्षनाथ मंदिर व सिविल एयरपोर्ट गोरखपुर ही नहीं बल्कि पूर्वांचल के महत्वपूर्ण स्थलों में शुमार है। सीएम योगी आदित्यनाथ की लगातार बढ़ती लोकप्रियता की वजह से गोरखनाथ मंदिर व एयरपोर्ट के साथ ही गोरखपुर शहर भी विश्व भर में चर्चित हो गया है। इसे देखते हुए यहां की सुरक्षा व्यवस्था पहले से और चाक चौबंद करने की तैयारी की जा रही है।
शासन ने स्वीकृति मिलने का इंतजार
एडीजी के मुताबिक फिलहाल पुलिस के पास डॉग स्क्वॉयड व बम निरोधी दस्ता की मात्र जिले में एक ही टीम है। ऐसे में जिले में होने वाली क्राइम की वारदातों में उन्हें इस्तेमाल किया जाता। इसके साथ ही मंदिर व एयरपोर्ट की सुरक्षा में भी इन टीमों को तैनात किया जाता है। ऐसे में अब मंदिर व एयरपोर्ट के लिए अलग से डॉग स्क्वॉयड व बम निरोधी दस्ता टीम तैनात करने के लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलते ही इन दोनों टीमों को तैयार कर मंदिर व एयरपोर्ट पर तैनात कर दिया जाएगा।

