अयोध्या (संवाददाता) सुरेंद्र कुमार।जिले की सीमा पर स्थित मवई थाना क्षेत्र के शेरपुर व बघेड़ी गांव के बीच घने जंगल में कार सवार बदमाशों व पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से हुई फायरिंग में मवई थाने में तैनात एक कांस्टेबल घायल हो गया। फायर झोंक रहे तीन बदमाश भी पुलिस की गोली से लहूलुहान हो गए। एक बदमाश को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार भी कर लिया है। जबकि एक अन्य भागने में कामयाब हो गया। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए बदमाशों ने विगत दिनों नगर कोतवाली क्षेत्र के देवकाली में हुई चोरी की वारदात में शामिल होने की बात कबूली है लेकिन चोरी हुए रुपये व गहनों में से पुलिस ने किसी की बरामदगी नहीं कर पाई है। मामले में जब मवई थाने के एसएचओ विश्वनाथ यादव से बात की गई तो उन्होंने खुद को कोर्ट में होने की बात बताते हुए जानकारी देने में असमर्थता जताई। सीओ रितेश कुमार सिंह ने बताया कि मैं एक कार्यक्रम में हूं।आप एसएचओ से बात कर लो। एसएसपी शैलेश पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार की भोर में मवई पुलिस व स्वाट टीम संयुक्त रूप चेकिंग कर रही थी। दुल्लापुर से उमापुर की ओर जा रही एक संदिग्ध बिना नंबर प्लेट की कार को टीम ने रोकना चाहा तो वह नहीं रुकी। संयुक्त टीम ने जब पीछा किया तो उस पर सवार बदमाशों ने पुलिस की संयुक्त टीम पर फायर झोंक दिया। आगे चलकर शेरपुर व बघेड़ी गांव के बीच घने जंगल में बदमाश कार रोककर फायरिंग करते हुए भागने लगे।पुलिस की संयुक्त टीम में शामिल जवानों ने उन्हें घेर लिया तो दोनों पक्षों की ओर से गोली चली। बदमाशों की गोली से सिपाही सुनील कुमार घायल हो गए, जबकि पुलिस की फायरिंग में तीन बदमाश घायल हो गए हैं। तीनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुए हैं। साथियों की हालत देख एक बदमाश ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि अन्य भागने में कामयाब रहे।

