एसयूवी व ई-रिक्शा के की टक्कर में महिला की मौत, नौ लोग घायल

अयोध्या(संवाददाता) सुरेंद्र कुमार।  पटरंगा थाना क्षेत्र के अशरफपुर गंगरेला वन डिपो के पास एक तेज रफ्तार एसयूवी व एक ई-रिक्शा के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसयूवी व ई- रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें दो की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए एंबुलेंस से सीएचसी बनीकोडर भेजवाया है।जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह लगभग 11 बजे नेशनल हाइवे पर कुशहरी जंगल के समीप एक तेज रफ्तार एसयूवी लखनऊ की ओर जा रही थी। सामने से एक ई-रिक्शा सवारियों से भरा आ रहा था। एसयूवी चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और ई-रिक्शा से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस टक्कर के कारण एसयूवी ई- रिक्शा के ऊपर पलट कर दो पलटा खा गई। यह हादसा देख आसपास के लोग व राहगीरों ने मौके पर पहुंच कर सभी घायलों को बाहर निकलवाने के बाद सूचना एंबुलेंस व पटरंगा पुलिस को दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी बनीकोडर भेजवाया , जहां पर इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। नौ लोग गंभीर रूप से घायल होने के कारण सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर कर दिया गया। एसयूवी में सवार घायलों की पहचान अशोक तिवारी, सूरज लाल दुबे, शिव लाल व सुमित निवासी ग्राम व थाना नबाबगंज, जनपद गोंडा के रूप में हुई। ई- रिक्शा में सवार चालक अमर सिंह निवासी ग्राम पूरे चितई, थाना असंदरा, जनपद बाराबंकी के रूप में पहचान हुई हैं। जबकि आसमानी रंग की फूलदार साड़ी पहनी हुई एक 35 वर्ष की मृतक महिला सहित दो अन्य घायलों की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पटरंगा थाने के एसएचओ विवेक सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर गया था। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी बनीकोडर भेजवाया गया है, जिसमें मृतक महिला व दो अन्य की पहचान नहीं हो सकी है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *