संविधान बचाओ–लोकतंत्र बचाओ के समर्थन में सपा का जोरदार धरना-प्रदर्शन
(राजन तिवारी सिटी रिपोर्टर )
अयोध्या।समाजवादी पार्टी के आह्वान पर मंगलवार को इनायत नगर स्थित मंत्री आवास, 05 नंबर चौराहा से तहसील परिसर तक “संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ” के नारे के साथ लोकतांत्रिक धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिकों की भागीदारी रही, जिससे पूरा क्षेत्र सपा के नारों से गूंज उठा।धरना-प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने S.I.R. के नाम पर मतदाताओं के नाम सूची से काटे जाने के प्रयासों पर गहरी चिंता जताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा प्रहार बताया। साथ ही बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा रचित संविधान की रक्षा, किसानों की जमीनों पर कथित अतिक्रमण के विरोध तथा बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण की मांग को प्रमुखता से उठाया गया।धरने को संबोधित करते हुए सांसद फैजाबाद (अयोध्या) एवं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अवधेश प्रसाद ने विस्तृत रूप से अपने विचार रखते हुए कहा कि संविधान केवल एक किताब नहीं, बल्कि देश की आत्मा है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर ने जिस संविधान के माध्यम से हर वर्ग, हर जाति और हर धर्म को समान अधिकार देने की व्यवस्था की, आज उसी व्यवस्था को कमजोर करने की साजिशें की जा रही हैं।सांसद ने कहा कि यदि मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाते हैं तो यह सीधे-सीधे उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने प्रशासन से पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग करते हुए कहा कि किसी भी निर्दोष मतदाता का नाम सूची से काटा गया तो समाजवादी पार्टी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने किसानों के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि किसानों की जमीन पर किसी भी प्रकार का अन्याय या जबरन कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को जनता के मूल मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए, न कि लोकतांत्रिक अधिकारों को सीमित करने पर।अवधेश प्रसाद ने कार्यकर्ताओं से संयम, अनुशासन और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के भीतर रहकर संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी सड़क से सदन तक जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी।वहीं नि० जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने अपने संबोधन में केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आज लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक तंत्र का दुरुपयोग कर आम मतदाताओं के अधिकारों से खिलवाड़ किया जा रहा है, जिसे समाजवादी पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से छूटे हुए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाने की अपील की। धरना-प्रदर्शन के उपरांत सांसद अवधेश प्रसाद की अगुवाई में सपा नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम मिल्कीपुर को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनहित की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। सपा के निवर्तमान प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि धरने को निवर्तमान जिला महासचिव बख्तियार खान, वरिष्ठ सपा नेता राघवेंद्र प्रताप सिंह अनूप, पृथ्वीराज यादव, छोटे लाल यादव, प्रवक्ता लवलेश पांडेय,माखनलाल यादव, रामजी पाल, चंद्रकांता साहू, साहबलाल यादव, रामलहू यादव, वेद प्रकाश यादव,यदुनाथ यादव, महेंद्र यादव, वेद प्रकाश यादव, रितेश यादव, रामतेज यादव,अशोक यादव उधुई, संतोष यादव, आजाद सिंह, सुनील कोरी,रामबहादुर यादव, राकेश चौरसिया सहित दो दर्जन से अधिक नेताओं ने संबोधित किया। धरने में सीताराम यादव,हिमांशु यादव, विकास यादव, अवधेश यादव, राम दुलारे यादव, दिव्य प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में सपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

