ग्रामीण बैंक कर्मियों की हड़ताल
जौनपुर में डेढ़ लाख करोड़ का कारोबार प्रभावित
जौनपुर,27 जनवरी।यूपी के जौनपुर में ग्रामीण बैंक कर्मियों ने मंगलवार को एक दिवसीय हड़ताल की, जिससे जिले में लगभग डेढ़ लाख करोड़ रुपये का कारोबार ठप हो गया। बैंककर्मी सप्ताह में पांच कार्य दिवस की अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।
क्षेत्रीय कार्यालय पर AIRRBEA संगठन के पूर्व केंद्रीय पार्षद शकील अहमद के नेतृत्व में जिले भर से सैकड़ों बैंक कर्मचारी एकत्र हुए और नारेबाजी की।
बैंक कर्मियों की मुख्य मांग बैंकिंग उद्योग में सप्ताह में पांच कार्य दिवस लागू करना है, जिसमें शेष शनिवार को बैंक अवकाश घोषित किया जाए। यह मांग इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) द्वारा UFBU के साथ 7 दिसंबर 2023 को हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन और 8 मार्च 2024 के समझौते/संयुक्त नोट के आधार पर की गई है।
यूनियन के अनुसार, वित्तीय क्षेत्र में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI), भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) और भारतीय सामान्य बीमा निगम (GIC) के साथ-साथ केंद्र सरकार और अधिकांश राज्य सरकारों ने लंबे समय से पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू किया हुआ है। उनके सभी कार्यालय सोमवार से शुक्रवार तक ही कार्य करते हैं।
बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों का कहना है कि उन्हें अकेले भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है, जबकि बैंकों में काम करना तनावपूर्ण है। कर्मचारियों की भारी कमी और कई तरह के दबावों के कारण बैंक कर्मचारी अत्यधिक शारीरिक और मानसिक तनाव में काम कर रहे हैं। इसलिए, शेष शनिवार को अवकाश घोषित करने की उनकी मांग उचित और न्यायसंगत है।
यूनियन ने भारत सरकार से बैंकों में पांच दिवसीय कार्यप्रणाली के IBA के प्रस्ताव को तत्काल मंजूरी देने की मांग की है।

