फोरलेन पर भीषण सड़क हादसा,दो युवकों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
जौनपुर,27 जनवरी । यूपी के जौनपुर में बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के अहिरौली गांव के पास फोरलेन पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। अहिरौली गांव निवासी दो युवक बाइक से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे गांव के फोरलेन पर पहुंचे, तभी राज कलपना नामक टूरिस्ट बस की चपेट में आ गए।
हादसे में बाइक सवार प्रदीप गौतम पुत्र बबलू गौतम निवासी अहिरौली की बदलापुर अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल दूसरा युवक सुनील पुत्र भगवानदीन निवासी बरौली को हालत नाजुक देखते हुए बदलापुर से जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
उधर सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे बदलापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शेष कुमार शुक्ला ने बस को कब्जे में लेकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच करते हुए अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है। धरना की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है।इस मामले में थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है बस ड्राईवर को हिरासत में लिया गया है।

