गाजियाबाद में हर महीने हजारों की संख्या में लोगों के आ रहे गलत बिजली बिल, उपभोक्ताओं की शिकायत पर नहीं हो रही कोई कार्यवायी:-

ब्यूरो चीफ/ सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद में गलत बिजली बिलों से उपभोक्ता हो रहे हैं परेशान, हजारों शिकायतें दर्ज होने के बावजूद उपभोक्ताओं को लगातार गलत बिलों की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कहीं मीटर रीडिंग में गड़बड़ी है तो कहीं वास्तविक खपत से अधिक लोड दिखाकर बिल जारी किए जा रहे हैं। हर महीने करीब 2,000 से अधिक गलत बिजली बिल जारी हो रहे हैं। बीते चार महीनों में 9,000 से ज्यादा मामलों में उपभोक्ताओं को बिल सुधार के लिए विद्युत निगम के कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़े हैं।
शहर में लगभग ढाई लाख बिजली उपभोक्ता हैं। 7 से 22 तारीख के बीच जारी होने वाले बिलों में मीटर रीडिंग की गलत एंट्री के कारण उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। शिकायत करने पर भी कई मामलों में त्वरित समाधान नहीं हो पा रहा, जिससे नाराज उपभोक्ता एमडी कार्यालय तक शिकायत पहुंचा रहे हैं। पिछले एक साल में 20,000 से अधिक गलत बिलों के मामले सामने आ चुके हैं।
प्रताप विहार, नवयुग मार्केट, मानसरोवर पार्क, कविनगर, शास्त्री नगर सहित कई इलाकों के हजारों उपभोक्ताओं को इस माह भी गलत बिल मिले हैं। अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि शिकायतें मिलने पर कुछ बिलों को रिवाइज किया गया है और शेष मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *