ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आठ अवैध टावर किए गए सील, सौ से अधिक फ्लैटों पर लगे ताले:-

ब्यूरो चीफ/ सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट खेड़ा चौगानपुर में 8 अवैध रिहायशी टावर सील किए गए, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने खेड़ा चौगानपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 10,000 वर्ग मीटर भूमि पर बने 8 अवैध रिहायशी टावरों को सील कर दिया है। ये टावर बिना नक्शा पास कराए और बिना एनओसी के बनाए गए थे, जिनमें 100 से अधिक फ्लैट तैयार पाए गए। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा और सभी इमारतों की चाबियां स्थानीय पुलिस को सौंप दी गईं।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार यह क्षेत्र अधिसूचित है, जहां बिना अनुमति निर्माण करना कानूनन अपराध है। अवैध प्लाटिंग और निर्माण कार्य को तत्काल रोक दिया गया है तथा जल्द ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा सकती है। सील तोड़ने या सरकारी कार्य में बाधा डालने पर सख्त कानूनी कार्रवाई, यहां तक कि गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज करने की चेतावनी दी गई है।
अथॉरिटी ने निवेशकों और खरीदारों को आगाह किया है कि सस्ते फ्लैट के विज्ञापनों के झांसे में न आएं और खरीद से पहले सभी वैधानिक दस्तावेजों व स्वीकृतियों की जांच जरूर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *