ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में पुलिस ने फर्जी पतों के जरिए पासपोर्ट बनवाने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी (ग्रामीण) सुरेंद्रनाथ तिवारी के अनुसार, दिसंबर 2025 में क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी की शिकायत पर जांच शुरू हुई थी, जिसमें एक ही पते और मोबाइल नंबर से कई पासपोर्ट आवेदन सामने आए।
जांच में पता चला कि आवेदक बताए गए पतों पर रहते ही नहीं थे। इस मामले में एक डाकिये और एक महिला सहित कुल 26 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में डाकिया अरुण कुमार भी शामिल है, जो प्रति पासपोर्ट 2,000 रुपये लेकर दस्तावेज सीधे गिरोह के सदस्यों को सौंपता था।
पुलिस के मुताबिक, खुफिया एजेंसियां भी इस रैकेट के बड़े नेटवर्क और फर्जी पासपोर्ट के संभावित दुरुपयोग की जांच कर रही हैं। मामले में आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं।

