केन्द्रीय मंत्री ने सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता मे बजट 2026 की उपलब्धियों को गिनाया

केन्द्रीय मंत्री ने सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता मे बजट 2026 की उपलब्धियों को गिनाया

(राजेश श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ)

अयोध्या।केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने केंद्रीय बजट 2026 को ‘उपलब्धियों और व्यापक सुधारों का बजट’ बताते हुए कहा कि यह बजट देश को विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेज़ी से आगे बढ़ाने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि माघ पूर्णिमा और संत रविदास जयंती जैसे ऐतिहासिक अवसर पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार नौवां बजट पेश करना अपने आप में एक नया कीर्तिमान है। किसी मातृशक्ति द्वारा सबसे अधिक बार बजट प्रस्तुत करने का यह ऐतिहासिक अवसर देश के लिए गौरव की बात है।
मेघवाल ने बताया कि बजट को तीन प्रमुख भागों में विभाजित किया गया है।पहला भाग वर्ष 2026 की तात्कालिक आवश्यकताओं पर केंद्रित है, दूसरा आगामी पांच वर्षों के विकास की रूपरेखा तय करता है और तीसरा ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने के लिए दीर्घकालिक योजनाओं को समर्पित है। उन्होंने कहा कि पर्यटन इंफ्रास्ट्रक्चर, एमएसएमई सेक्टर और बैंकिंग क्षेत्र के लिए इस बजट में ऐतिहासिक प्रावधान किए गए हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री ने रक्षा क्षेत्र में बढ़े आवंटन का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे देश की सुरक्षा क्षमता और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2014 में भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में 11वें स्थान पर थी, जबकि 2025 में यह चौथे स्थान पर पहुंच गई है। उन्होंने रिज़र्व बैंक के हवाले से बताया कि देश की विकास दर 7.4 प्रतिशत से अधिक रहने का अनुमान है, जो वैश्विक परिदृश्य में भारत की मजबूत स्थिति को दर्शाता है। पत्रकार वार्ता मे पूर्व सांसद लल्लू सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, क्षेत्रीय महामंत्री व महानगर प्रभारी विजय प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, बांके बिहारी मणि त्रिपाठी, शैलेन्द्र कोरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *