कोडीन कफ सिरप के आरोपी भोला जायसवाल एनडीपीएस की कोर्ट में पेश,18 फरवरी सुनवाई की अगली तारीख

कोडीन कफ सिरप के आरोपी भोला जायसवाल एनडीपीएस की कोर्ट में पेश,18 फरवरी सुनवाई की अगली तारीख

मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ग), 27(ग) एवं 29 की बढ़ोत्तरी की गई

जौनपुर ,10 फरवरी। यूपी के जौनपुर में कोडीन युक्त कफ सिरप प्रकरण में आरोपी भोला प्रसाद जायसवाल की मंगलवार को दीवानी न्यायालय स्थित एडीजे द्वितीय की अदालत में पेशी हुई। इस दौरान मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। भोला प्रसाद जायसवाल मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के पिता हैं, जिन पर फर्म शैली ट्रेडर्स के माध्यम से जौनपुर जिले की 16 फर्मों के जरिए लगभग 42.5 करोड़ रुपये के संदिग्ध कारोबार का आरोप है।
औषधि विभाग की जांच में यह तथ्य सामने आया है कि उक्त फर्मों के नाम पर बड़े पैमाने पर बिलिंग की गई, जबकि वास्तविक लेन-देन संदिग्ध पाया गया। मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस के साथ-साथ एसआईटी भी गहन जांच में जुटी हुई है।
इस मामले में जानकारी देते हुए सहायक शासकीय अधिवक्ता प्रसून श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार को आरोपी भोला जायसवाल को एडीजे द्वितीय रंजीत कुमार की अदालत में एनडीपीएस एक्ट की धाराएं बढ़ाए जाने के संबंध में पेश किया गया। न्यायालय में रिमांड की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसके तहत आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ग), 27(ग) एवं 29 की बढ़ोत्तरी की गई है।उन्होंने बताया कि मामले की अगली सुनवाई के लिए 18 फरवरी की तिथि नियत की गई है। अदालत में पेशी के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा और न्यायालय परिसर की सघन निगरानी की गई।
पुलिस और जांच एजेंसियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *