गाजियाबाद प्रशासन की अपील जल्द बनवाएं फैमिली आईडी, भविष्य में कई योजनाओं के लिए हो सकती है अनिवार्य

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद प्रशासन ने नागरिकों से ‘एक परिवार, एक पहचान’ योजना के तहत फैमिली आईडी जल्द से जल्द बनवाने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से सीधे पात्र परिवारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की जा रही है। आने वाले समय में कई सरकारी योजनाओं और सेवाओं के लिए फैमिली आईडी अनिवार्य की जा सकती है।
नागरिक स्वयं familyid.up.gov.in पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं या नजदीकी जन सुविधा केंद्र (CSC) के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।
क्या है फैमिली आईडी का उद्देश्य?
फैमिली आईडी का उद्देश्य प्रत्येक परिवार की एकीकृत डिजिटल पहचान तैयार करना है। इसके माध्यम से सरकार को यह स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी कि किस परिवार को कौन-कौन सी योजनाओं का लाभ मिला है और कौन पात्र होते हुए भी वंचित है। इससे फर्जी लाभार्थियों पर रोक लगेगी और वास्तविक जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाया जा सकेगा। साथ ही, नागरिकों को बार-बार अलग-अलग प्रमाणपत्र जमा करने और लंबी कागजी प्रक्रिया से गुजरने की आवश्यकता नहीं होगी।
सरकार का लक्ष्य प्रदेश के सभी परिवारों का केंद्रीकृत डाटा तैयार करना है। भविष्य में राशन, छात्रवृत्ति, पेंशन, आवास योजना, स्वरोजगार योजनाएं, स्किल ट्रेनिंग और रोजगार से जुड़े कार्यक्रमों में फैमिली आईडी अनिवार्य की जा सकती है।
देरी करने पर क्या हो सकता है नुकसान?
अधिकारियों के मुताबिक, आगामी समय में सरकारी योजनाओं का डाटा फैमिली आईडी से लिंक किया जाएगा। जिन परिवारों की आईडी नहीं बनी होगी, उन्हें योजनाओं के लाभ में देरी या बाधा का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे मामलों में दोबारा दस्तावेज सत्यापन और आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी पड़ सकती है।
इसके अतिरिक्त, रोजगार और कौशल विकास कार्यक्रमों में फैमिली आईडी धारकों को प्राथमिकता दिए जाने की संभावना भी जताई जा रही है। ऐसे में समय रहते पंजीकरण न कराने पर पात्र परिवार भी योजनाओं से वंचित रह सकते हैं।
पंजीकरण के दौरान रखें इन बातों का ध्यान
फैमिली आईडी बनवाते समय यह सुनिश्चित करें कि परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड उनके मोबाइल नंबर से लिंक हो। पंजीकरण प्रक्रिया ओटीपी सत्यापन के माध्यम से पूरी की जाएगी। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1076 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि भविष्य की असुविधा से बचने के लिए समय रहते फैमिली आईडी बनवाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *