ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा की अजनारा होम्स सोसायटी में आवारा कुत्तों का बढ़ता खतरा, बच्चों की सुरक्षा पर चिंता
ग्रेटर नोएडा की अजनारा होम्स सोसायटी में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को लेकर निवासियों में गंभीर चिंता व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यह समस्या अब असुविधा तक सीमित नहीं रही, बल्कि बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन गई है।
निवासियों के अनुसार, सोसायटी के पार्क, बेसमेंट और खुले क्षेत्रों में कुत्तों के झुंड अक्सर देखे जा रहे हैं। हाल ही में धीरेंद्र राय के बेटे को चार-पांच कुत्तों ने घेरकर काट लिया। समय रहते अन्य निवासियों के हस्तक्षेप से बड़ा हादसा टल गया। इसी तरह कई अन्य बच्चों और बड़ों को भी कुत्तों द्वारा दौड़ाने और काटने की घटनाएं सामने आई हैं।
अभिभावकों का कहना है कि अब वे बच्चों को अकेले बाहर भेजने से डरते हैं। कुछ परिवारों ने बच्चों का अकेले खेलना भी बंद कर दिया है। निवासियों का स्पष्ट कहना है कि वे जानवरों के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन सोसायटी परिसर में सुरक्षित और व्यवस्थित प्रबंधन की आवश्यकता है।
देश के अन्य शहरों में भी आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाएं सामने आई हैं। कर्नाटक में पिछले तीन वर्षों में 90 हजार से अधिक डॉग बाइट के मामले दर्ज किए गए हैं। इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट में भी सुनवाई चल रही है और कोर्ट ने राज्यों को नसबंदी, टीकाकरण और प्रभावी नियंत्रण उपाय लागू करने के निर्देश दिए हैं।
निवासी अब प्रशासन से मानवीय और ठोस समाधान की मांग कर रहे हैं, ताकि सोसायटी में सुरक्षा और सह-अस्तित्व दोनों सुनिश्चित हो सकें।

