गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, मुरादनगर में अवैध निर्माण को किया गया ध्वस्त

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने मुरादनगर क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। यह कार्रवाई जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल के निर्देश पर गुरुवार को प्रवर्तन जोन-02 की टीम द्वारा की गई।
खसरा संख्या-158 पर चल रहा था अवैध निर्माण
प्राधिकरण के अनुसार, ग्राम जलालपुर स्थित पाइपलाइन रोड के पास खसरा संख्या-158 की सरकारी भूमि पर मोहम्मद असलम पुत्र ओसाब एवं लियाकत अली द्वारा लगभग 300 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध निर्माण किया जा रहा था। निर्माण में चार दुकानों के ढांचे, लोहे के फ्रेम पर निर्मित एक गोदाम तथा एक साइट ऑफिस शामिल था।
जीडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की सहायता से सभी अवैध संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया और भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
ध्वस्तीकरण के दौरान संबंधित निर्माणकर्ताओं और क्षेत्रीय कॉलोनाइजरों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास भी किया गया। हालांकि, मौके पर तैनात पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ते की सतर्कता के चलते कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूर्ण हुई|
अभियान के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता एवं प्रवर्तन जोन-02 का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। जीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *