नोएडा के परी चौक से बॉटनिकल गार्डन तक सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी को लेकर सीएम योगी हुए सख्त, परियोजना में देरी न करने के निर्देश

ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा दौरे के दौरान विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मेट्रो विस्तार कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बॉटनिकल गार्डन से मेट्रो कनेक्टिविटी को आगे बढ़ाने की परियोजना में अब किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को फाइलों की लंबित प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने, टेंडर प्रक्रिया को गति देने और निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित विस्तार के बाद ग्रेटर नोएडा के परी चौक तक सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी स्थापित होगी। इससे यात्रियों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी, यात्रा समय में कमी आएगी और सड़क यातायात पर दबाव घटेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र की शहरी गतिशीलता को मजबूत करेगी और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन देगी। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में नोएडा और ग्रेटर नोएडा स्थित स्टेडियमों के बेहतर उपयोग पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि स्कूलों और कॉलेजों को इन स्टेडियमों से जोड़ा जाए, ताकि युवाओं की खेल गतिविधियों में सहभागिता बढ़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्टेडियमों का प्राथमिक उपयोग खेल गतिविधियों के लिए ही सुनिश्चित किया जाए और अन्य आयोजनों को सीमित रखा जाए।
इसके अतिरिक्त, यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 21 फरवरी को प्रस्तावित सेमीकंडक्टर यूनिट के उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *