महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिलाधिकारी ने शिव मंदिर में किया विधिवत पूजन-अर्चन, व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिलाधिकारी ने शिव मंदिर में किया विधिवत पूजन-अर्चन, व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र द्वारा जनपद में सुजानगंज स्थित गौरी शंकर धाम में पहुंचकर भगवान शिव जी का विधिवत दर्शन एवं पूजन-अर्चन किया गया।

इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धापूर्वक जलाभिषेक कर बेलपत्र, पुष्प एवं माल्यार्पण अर्पित किया तथा जनपदवासियों की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था का जायज़ा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि जैसे प्रमुख धार्मिक पर्व पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने सभी जनपदवासियों को महाशिवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व समाज में श्रद्धा, आस्था और सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने नागरिकों से पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

इस अवसर पर उप ज़िलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य अधिकारीगण तथा मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
————
जौनपुर 15 फरवरी 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-02

शासन के निर्देश के क्रम में आज महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर समस्त विकास खंडों में गो-आश्रय स्थलों पर नंदी पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिसके क्रम में जिलाधिकारी डॉ० दिनेश चंद्र द्वारा जनपद में सोंधी, शाहगंज के ग्राम पंचायत सराय ख्वाजा के अस्थाई गो आश्रय स्थल पहुंचकर श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ नंदी पूजन कार्यक्रम में सहभागिता की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा गोवंश का विधिवत पूजन-अर्चन तथा माल्यार्पण एवं तिलक किया गया।

जिलाधिकारी ने गोवंशों को अपने हाथों से गुड़, केला तथा हरा चारा खिलाया और गोसेवा को भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा बताते हुए कहा कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर भगवान शिव के वाहन नंदी की पूजा का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि गौसेवा और गोसंरक्षण हमारी सनातन संस्कृति का अभिन्न अंग है तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें सहभागिता करनी चाहिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने गो संरक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया। उन्होंने समस्त गो आश्रय स्थलों में गोवंश के लिए स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त चारा, चिकित्सा सुविधाओं एवं साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही गो संरक्षण केंद्र के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने पर बल दिया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने गोवंश की देखभाल करने वाले गो सेवक को अंगवस्त्रम पहनाकर सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी पीयूष त्रिपाठी सहित गो संरक्षण केंद्र के कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *