न्याय के लिए पीड़ित परिवार अधिकारियों की चौखट पर रगड़ रहा एड़ियां
(राजेश श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ)
अयोध्या।थाना कुमारगंज क्षेत्र के चौधरीपुर गांव में जमीनी विवाद में हुई मारपीट की घटना में 65 वर्षीय बुजुर्ग जमुना प्रसाद यादव की हत्या के मामले में कुमारगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। किंतु लोगो की माने अब पुलिस के कार्यवाही की रफ्तार सुस्त पड़ गई है। हालांकि पुलिस हत्या काण्ड के मुख्य आरोपी को 2 दिन से हिरासत में लेकर थाने पर बैठाए हुए है और अभी तक जेल भेजने की कार्यवाही नहीं कर सकी है।बताते चलें कि बीते 11 फरवरी बुधवार को जमुना प्रसाद यादव अपने घर पर दरवाजा लगा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी पक्ष से कहासुनी हो गई। आरोप था कि विपक्षी देवनारायण पुत्र जगदंबा प्रसाद अपने परिवार के सदस्यों के साथ लाठी-डंडा लेकर मौके पर पहुंचे और जमुना प्रसाद पर हमला कर दिया था। हमले में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की मौत हो गई थी। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। मृतक के पुत्र आसाराम की तहरीर पर कुमारगंज पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 3(5), 352 व 109(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए देवनारायण पुत्र जगदंबा प्रसाद,अनीता पुत्री देवनारायण, सुनीता पुत्री देवनारायण तथा गीता पुत्री देवनारायण को हमले में प्रयुक्त लाठी के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद तक कुमारगंज पुलिस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी। हालांकि चौथे दिन पुलिस ने घटना के मुख्य आरोपी राम विशाल को पकड़ लिया और थाने ले आई। अब कुमारगंज पुलिस घटना के मुख्य आरोपी को जेल भेजने के बजाय उसे अभय दान देने की जुगत में है। उधर वृद्ध की हत्या के मुख्य आरोपी को पुलिस द्वारा पकड़े जाने की जानकारी और कुमारगंज पुलिस की ढुलमुल कार्यशैली देख वृद्धि के पारिवारिक जन पुलिस विभाग के अधिकारियों के कार्यालय का चक्कर काट रहे हैं। उधर मुख्य अभियुक्त के हिरासत में लिए जाने के मामले में प्रभारी निरीक्षक कुमारगंज संतोष कुमार ने बताया कि पूछताछ के लिए उसे थाने बुलाया जाता है, विवेचना जारी है।

