ब्यूरो चीफ/ सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया स्थित दोपहिया वाहनों के स्पेयर पार्ट्स के गोदाम में सोमवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित करण ऑटोटेक नामक कंपनी के गोदाम में अचानक आग लग गई। कंपनी दोपहिया वाहनों के स्पेयर पार्ट्स का निर्माण और भंडारण करती है। आग तेजी से फैलते हुए पास स्थित भारत ऑयल फैक्ट्री तक पहुंच गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही साहिबाबाद और वैशाली फायर स्टेशनों से चार दमकल गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। आग की तीव्रता को देखते हुए अन्य फायर स्टेशनों के साथ-साथ हापुड़ और गौतमबुद्ध नगर से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। कुल 10 दमकल गाड़ियों ने संयुक्त अभियान चलाकर आग पर नियंत्रण पाया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) राहुल पाल ने बताया कि समय रहते कार्रवाई किए जाने से आग को आसपास की अन्य इकाइयों में फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

