*विज्ञान चेतना हेल्पलाइन – इंटरमीडिएट परीक्षा 2026
लखनऊ ब्यूरो चीफ
*• ‘विज्ञान चेतना’ हेल्पलाइन बनी परीक्षार्थियों के लिए मार्गदर्शन और प्रेरणा का सशक्त माध्यम*
*• लखनऊ मंडल के विद्यार्थियों ने सर्वाधिक संख्या में हेल्पलाइन का लाभ उठाया*
*• प्रदेशभर से लगभग 130 कॉल प्राप्त, बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान*
*• सकारात्मक सोच, संतुलित दिनचर्या और आत्मविश्वास ही परीक्षा सफलता की आधारशिला – डॉ० प्रदीप कुमार*
*• समय प्रबंधन और छोटे लक्ष्य तय करना सफलता की सबसे प्रभावी रणनीति – डॉ० दिनेश कुमार*
*• अंकवार रणनीति के साथ किया गया अध्ययन दिलाता है श्रेष्ठ परिणाम – डॉ० दिनेश कुमार*
*• नियमित पुनरावृत्ति ही सफलता की कुंजी, परीक्षा से पूर्व नए विषयों से बनाए रखें दूरी – सौरभ प्रताप सिंह*
*• जीव विज्ञान में सटीक, स्पष्ट एवं नामांकित चित्र उत्कृष्ट अंक दिलाने में सहायक – दीप्ति विश्वकर्मा*
*• सोशल मीडिया से दूरी और उत्तर लेखन में संतुलन ही बेहतर प्रदर्शन का मंत्र – वंदना तिवारी*
*• आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों का चयन और एन.सी.ई.आर.टी. पर विशेष ध्यान सफलता सुनिश्चित करता है – पवन कुमार तिवारी*
इंटरमीडिएट परीक्षा विद्यार्थियों के जीवन का एक महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील चरण होता है, जिसमें मानसिक दबाव एवं परीक्षा संबंधी तनाव स्वाभाविक रूप से अनुभव किया जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मण्डल, डॉ० प्रदीप कुमार के नेतृत्व में *’विज्ञान चेतना’ हेल्पलाइन – इंटरमीडिएट परीक्षा 2026* का आयोजन दिनांक 16 फरवरी 2026 को मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी, लखनऊ मण्डल, डॉ० दिनेश कुमार के निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस हेल्पलाइन का शुभारंभ संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मण्डल, डॉ० प्रदीप कुमार द्वारा प्रथम कॉल प्राप्त कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि परीक्षा जीवन की एक स्वाभाविक प्रक्रिया है, अतः विद्यार्थी तनावमुक्त रहकर सकारात्मक दृष्टिकोण, संतुलित दिनचर्या और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में सम्मिलित हों। उन्होंने सभी परीक्षार्थियों को आगामी परीक्षा हेतु शुभकामनाएँ प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह हेल्पलाइन दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संचालित रही, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। निर्धारित समयावधि में लगभग 130 कॉल प्राप्त हुए, जिनमें से लगभग 55 प्रतिशत समस्याओं का समाधान विषय विशेषज्ञों द्वारा किया गया। सर्वाधिक कॉल लखनऊ एवं लखीमपुर खीरी जनपद से प्राप्त हुए, जिनकी संख्या लगभग 25–30 रही, जबकि सीतापुर एवं हरदोई जनपद से लगभग 15–20 कॉल प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त रायबरेली, उन्नाव, झांसी, मुरादाबाद, कानपुर देहात सहित दूरस्थ जनपदों के विद्यार्थियों ने भी इस हेल्पलाइन के माध्यम से अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया।
इस अवसर पर विभिन्न विषय विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, उत्तर लेखन कौशल एवं मानसिक संतुलन बनाए रखने के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया गया। रसायन विज्ञान विशेषज्ञ के रूप में डॉ० दिनेश कुमार (मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी, लखनऊ मण्डल), भौतिक विज्ञान विशेषज्ञ सौरभ प्रताप सिंह (प्रधानाचार्य, राजकीय इंटर कॉलेज, निशातगंज, लखनऊ), जीव विज्ञान विशेषज्ञ दीप्ति विश्वकर्मा (प्रवक्ता, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सरोसा भरोसा, लखनऊ), अंग्रेजी विषय विशेषज्ञ वंदना तिवारी (प्रवक्ता, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, सरोसा भरोसा, लखनऊ) तथा गणित विशेषज्ञ पवन कुमार तिवारी (प्रवक्ता, कुम्हरावां इंटर कॉलेज, लखनऊ) द्वारा विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
‘विज्ञान चेतना’ हेल्पलाइन विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक एवं उपयोगी मंच के रूप में स्थापित हुई, जिसने उन्हें न केवल परीक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान में सहायता प्रदान की, बल्कि आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और सुव्यवस्थित तैयारी के साथ परीक्षा में सम्मिलित होने हेतु प्रेरित किया। यह पहल विद्यार्थियों के शैक्षिक सशक्तिकरण एवं मानसिक संबल प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई।
इंटरमीडिएट परीक्षा – 2026 हेतु विभिन्न विषयों के लिए विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रदत्त महत्वपूर्ण सुझाव-
*रसायन विज्ञान टिप्स*
• विगत 10 वर्षों के प्रश्न-पत्रों को अपनी अभ्यास कॉपी में हल करके नियमित अभ्यास करना।
• बुनियादी अवधारणाओं, परिभाषाओं व सूत्रों को लिख कर अभ्यास करें।
• सभी नाम अभिक्रियाओं (name reactions) का लिख- लिख कर नियमित अभ्यास करें।
• सभी रासायनिक समीकरणों को “क्या होता है जब” और “कैसे प्राप्त करेंगे” के आधार पर तैयार करें।
• संपूर्ण पाठ्यक्रम को अंकवार विभाजन के अनुसार तैयार करें।
• उत्तर लिखते समय, समीकरणों, सूत्रों में अलग-अलग रंगों के पेन का उपयोग करें।
• कार्बनिक यौगिक को बनाने की विधियों और उनकी रासायनिक समीकरणों को charts पर लिख कर तुलनात्मक अध्ययन करें।
• संक्षिप्त नोट्स पर विशेष ध्यान दें।
• स्वयं को शान्त व आश्वस्त रखें।
*डॉ० दिनेश कुमार मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी लखनऊ मण्डल*
*भौतिक विज्ञान टिप्स*
• वर्ष भर की पढ़ाई का बार-बार रिवीजन करें।
• किरण आरेख (Ray Diagram) तथा परिपथ आरेख (Circuit Diagram) का अभ्यास करें।
• सूत्र के निगमन (Derivation of Formula) को लिखकर अभ्यास करें ।
• सूत्रों एवं मात्रकों को याद करें ।
• आंकिक प्रश्नों को स्टेप बाय स्टेप हल करें तथा अंत में मात्रक अवश्य लिखें।
• विगत 5 वर्षों के प्रश्न पत्रों को हल करें।
*सौरभ प्रताप सिंह*
*प्रधानाचार्य*
*राजकीय इण्टर कॉलेज निशातगंज लखनऊ*
*जीव विज्ञान टिप्स*
• जीव विज्ञान के 70 नंबर के प्रश्न पत्र में तीन इकाइयों पर विशेष ध्यान देकर आसानी से 46 अंक प्राप्त किये जा सकते हैं जिसमें जनन (14 अंक) अनुवांशिकी और विकास (18 अंक) पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण (14 अंक)सम्मिलित हैं।
• परीक्षा में लिखते समय अंको के आधार पर समय व शब्द सीमा को तय करें जिससे कोई प्रश्न ना छूटे ।
• शेड्यूल बनाकर तैयारी करें सभी पाठ को बचे हुए समय के आधार पर बांट कर याद करे।
• विस्तृत उत्तरीय प्रश्नों के उत्तर रेखा चित्र बनाकर याद करें।
• जीव विज्ञान में चित्रों की अहम भूमिका होती है, अतः चित्र स्पष्ट एवं नामांकित होने चाहिए।
• रटने की अपेक्षा समझ कर याद करें एवं पिछले प्रश्न पत्रों को हल करना बहुत ही आवश्यक है।
• जो पूछा गया है सिर्फ उसका ही उत्तर दें अनावश्यक ना लिखें।
*दीप्ति विश्वकर्मा*
*प्रवक्ता*
*राजकीय बालिका इंटर कॉलेज*
*सरोसा भरोसा लखनऊ*
*अंग्रेजी टिप्स*
• प्रतिदिन लिखकर अभ्यास करें ।
• प्रश्नों का उत्तर अपने शब्दों में निर्देशानुसार संक्षिप्त रूप से दें।
• महत्वपूर्ण बिंदुओं को हाइलाइट करें ।
• लॉन्ग प्रश्नों के उत्तर पैराग्राफ में लिखें ।
• अंकों के अनुसार उत्तर की लंबाई निर्धारित करें ।
• टाइम मैनेजमेंट –
(i) रीडिंग 20 मिनट
(ii) राइटिंग 40 मिनट
(iii)लिटरेचर 60 मिनट
(iv)10 से 15 मिनट पुनरावृत्ति के लिए बचाएं।
• गत 5 से 10 वर्षों के प्रश्न पत्रों को हल करें ।
• उन प्रश्नों को पहले हल करें, जिसका उत्तर आपको भली भांति आता हो।
• शांत एवं तनाव मुक्त रहें।
• सोशल मीडिया से दूर रहें।
*वंदना तिवारी*
*प्रवक्ता*
*राजकीय बालिका इंटर कॉलेज*
*सरोसा भरोसा लखनऊ*
*गणित टिप्स*
• परीक्षा के दौरान ध्यान रखने योग्य बातें
(i) हमेशा उन प्रश्नों का उत्तर पहले दें जिनके बारे में आप सबसे अधिक आश्वस्त हो l
(ii) सभी उत्तरों पर विचार करने के लिए कुछ समय ले l
(iii) चरणबद्ध तरीके से उत्तर दें क्योंकि प्रत्येक चरण के अंक होते हैl
(iv) रिविजन के लिए कम से कम 15 से 20 मिनट का समय अवश्य रखेंl
• कैल्कुलस से सबसे अधिक अंक के प्रश्न पूछे जाते है इसलिए इस पर अधिक फोकस करें l
• कैलकुलस सहित आसान टॉपिक जैसे मैट्रिक्स , डिटरमिनेंट, प्रोबेबिलिटी, लीनियर प्रोग्रामिंग की तैयारी से 65 प्रतिशत तक के अंक प्राप्त किए जा सकते है l
• नियमित रूप से अभ्यास करें और एन.सी.ई.आर. टी. पर फोकस करें ।
• मेन कांसेप्ट को समझ कर अभ्यास करें और सूत्रों का नियमित पुनरवलोकन करें ।
• पूर्व वर्षों के प्रश्न पत्र अवश्य हल करें और परीक्षा पैटर्न को समझे ।
*पवन कुमार तिवारी*
*प्रवक्ता*
*कुम्हरावां इण्टर कॉलेज*
*लखनऊ*
छात्र – छात्राओं द्वारा पूछे गए महत्वपूर्ण प्रश्नों की एक झलक –
*रसायन विज्ञान*
प्र० 1. हेलोएल्केन का आई.यू.पी.ए.सी. नामकरण कैसे लिखें और याद रखें?
उ० कार्बनिक यौगिक के आई.यू.पी.ए.सी. नामकरण के लिए सर्वप्रथम आई.यू.पी.ए.सी. नामकरण के नियमों को समझना होगा I क्रियात्मक समूह के लिए मूल श्रृंखला के आगे निर्धारित प्रत्यय जोड़े जाते हैं। जैसे-हेलोएल्केन के लिए सबसे लंबी सीधी श्रृंखला चुनकर एल्केन नाम के पहले फ्लोरीन के लिए फ्लोरो, क्लोरीन के लिए क्लोरो, ब्रोमीन के लिए ब्रोमो और आयोडीन के लिए आयोडो लिखते हैं।
पूजा, सरस्वती माँ इंटर कॉलेज, हरदोई
प्र० 2. रासायनिक अभिक्रियाएं कैसे याद रखें बार-बार पढ़ते हैं भूल जाते हैं?
उ० सभी नाम अभिक्रियाओं को चार्ट पेपर पर लिखकर अपने कमरे में लगा लीजिए ताकि उनका प्रत्येक दिन रिवीजन होता रहे। सभी रासायनिक अभिक्रियाओं की एक समान अभिकर्मकों के साथ एक समान अभिक्रियाओं का तुलनात्मक अध्ययन चार्ट तैयार करने से अभिक्रिया के बाद बनने वाले उत्पाद लिखने में कभी भ्रम नहीं होगा।
ऋषभ , कृषक इंटर कॉलेज, गोला लखीमपुर खीरी
प्र० 3. अधिक अंक अर्जित करने के लिए कम समय में तैयारी कैसे करें?
उ० बोर्ड परीक्षा में अधिकाधिक अंक आयोजित करने का शॉर्टकट है पिछले पांच वर्षों के बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्रों को अपनी अभ्यास कॉपी में हल करना। प्रतिदिन लिख-लिख कर अभ्यास करें। अंकवार विभाजन के आधार पर ही तैयारी करें। उत्तर लिखते समय समीकरणों सूत्रों में अलग-अलग रंग के पेन का उपयोग करें। स्वच्छ व स्पष्ट लेखन अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मुस्कान शुक्ला खून खून जी गर्ल्स इंटर कॉलेज, लखनऊ
*भौतिक विज्ञान*
प्र० 1. आंकिक प्रश्न कैसे हल करें?
उ० सूत्रों के निगमन का लिख लिख कर वह समझ कर अभ्यास करें इसके बाद आंकिक प्रश्न से संबंधित समस्याएं दूर हो जाएँगी।
विवेक कुमार, जानकीदेवी इंटर कॉलेज , लखीमपुर खीरी
प्र० 2. किस इकाई से सर्वाधिक अंक के प्रश्न पूछे जाते हैं?
उ० प्रकाशिकी से सर्वाधिक 13 अंक के प्रश्न पूछे जाते हैं ।
हुजैफ आलम, राजकीय इंटर कॉलेज सीतापुर
प्र० 3. कुछ महत्वपूर्ण टॉपिक जो परीक्षा की दृष्टि से उपयोगी हो बताइए?
उ० किरचॉफ के नियम, गॉस नियम, समांतर पट, संधारित्र की धारिता, एन०सी०आर० परिपथ, ट्रांसफार्मर, लेंस मेकर फॉर्मूला, आइंस्टीन की प्रकाश विद्युत समीकरण, डायोड दस्तकारी आदि महत्वपूर्ण टॉपिक है ।
विवेक, बरखंडी विद्यापीठ इण्टर कॉलेज रायबरेली
*जीव विज्ञान*
प्र० 1. जीव विज्ञान में विस्तृत उत्तरीय प्रश्न याद नहीं हो रहे क्या करें?
उ० जीव विज्ञान में विस्तृत उत्तरीय प्रश्न याद करने का सबसे अच्छा तरीका मुख्य बिंदुओं का एक फ्लो चार्ट बना लें और प्रत्येक मुख्य बिंदु के सामने उसमें प्रयुक्त होने वाले मुख्य शब्द लिखें और एग्जाम के दौरान इस को दो-तीन बार रिवाइज करें। यदि चित्र हो तो चित्र को मुख्य बिंदुओं के साथ प्रैक्टिस करें। दो बार में प्रश्न याद हो जाएगा।
साक्षी , रा० बा०ई०कॉ० , सारोसा भरोसा लखनऊ
प्र० 2. डीएनए पुनर्योगज तकनीक किस प्रकार याद करें?
उ० डीएनए पुनर्योगज तकनीक का सर्वप्रथम एक चित्रित फ्लो चार्ट बनाएं और हर स्टेप पर उसमें प्रयुक्त होने वाले एंजाइम्स के नाम एवं कार्य लिखें आसानी से याद हो जाएगा
रजत, उत्कर्ष पब्लिक स्कूल , रायबरेली
प्र० 3. बायो के पेपर में ज्यादा लिखना होता है कैसे लिखें कि पेपर पूरा हो जाए?
उ० सिर्फ टू द पॉइंट हेडिंग डालकर उत्तर लिखें यदि चित्र बनाना हो तो उसके बारे में संक्षिप्त ही लिखे बल्किअन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं को लिखें।
मोहित , रा०ई०कॉ० झाँसी
*गणित*
प्र० 1. परीक्षा कि तैयारी की इस अंतिम समय में गणित विषय में क्या – क्या पढ़े?
उ० गणित में मैट्रिक्स , डिटरमिनेंट, प्रोबेबिलिटी, लीनियर प्रोग्रामिंग के साथ कैलकुलस की तैयारी अच्छे से करें और पूर्व वर्षों के प्रश्न पत्र अवश्य हल करें ।
विवेक, बरखंडी विद्यापीठ इंटर कॉलेज, रायबरेली
प्र० 2. यदि कोई प्रश्न थोड़ा सही हो और बाद में थोड़ा गलत हो जाये तो क्या पूरे अंक कट जाते है ?
उ० गणित में प्रत्येक स्टेप के अंक होते है इसलिए आपका उत्तर जहाँ तक सही होगा वहां तक के अंक आपको आवंटित किये जाते है ।
मो० अंसार, लखनऊ क्रिश्चियन कॉलेज, लखनऊ
प्र०3. कौन से पब्लिकेशन की किताब से अभ्यास करें?
उ० पाठ्यक्रम एन०सी०ई०आर०टी० के अनुसार है और बोर्ड परीक्षा प्रश्न पत्र भी उसी के आधार पर तैयार होते है इसलिए आप एन०सी०ई०आर०टी० की किताब से ही अभ्यास करें ।
सचिन , कृष्णा इंटर कॉलेज , मुरादाबाद
*अंग्रेजी*
प्र० 1. अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए प्रश्न पत्र को किस प्रकार से हल करें ?
उ० शब्द सीमा का ध्यान रखते हुए प्रश्न पत्र में दिए गए निर्देशों का पालन करें तथा अंत में 15 से 20 मिनट रिवीजन के लिए बचाए।
अजय सिंह , सर्वेश जनसेवा इंटर कॉलेज, हरदोई
प्र० 2.. परीक्षा का टेंशन बहुत अधिक है पढ़ने बैठते हैं तो लगता है कुछ भी याद नहीं है । क्या करें ?
उ०- परीक्षा का तनाव बिल्कुल ना ले, मन को शांत रखें, तभी अच्छे अंक प्राप्त होंगे। अंकों से अधिक अपनी लर्निंग पर ध्यान दें।
अजय, लक्ष्मी नारायण पब्लिक इंटर कॉलेज, उन्नाव
प्र० 3.. रिवीजन किस प्रकार करें ? स्पेलिंग गलत ना हो इसे कैसे सुनिश्चित करें?
उ० -साल भर जो नोट्स आपने बनाए हैं उन्हीं से पढ़ें तथा कुछ भी नया ना पढ़ें।लिखकर ही अभ्यास करें और जहां संभव हो पॉइंट्स में लिखकर रिवीजन करें।
मुस्कान गुप्ता, रा० बा०ई०कॉ० सरोसा भरोसा, लखनऊ
प्र०4. अंग्रेजी प्रश्न पत्र में क्या पहले करें?
उ०- प्रश्न पत्र चार भागों में विभाजित है जो भाग आपका ज्यादा अच्छे से तैयार हो उसे पहले करें तथा अंकों के अनुसार समय और राइटिंग का ध्यान रखें।
प्रिंस कुमार सिंह, क्रिश्चियन इन्टर कॉलेज, लखनऊ
*डॉ दिनेश कुमार,मण्डलीय विज्ञान प्रगति अधिकारी, लखनऊ मण्डल* 🌹🙏🏻🙏🏻🌹

