नगर निगम भवन घोषित होगा हेरिटेज,सूत्र के मुताबिक बनेगा म्यूजियम

अयोध्या। नगर निगम कार्यालय का मौजूदा भवन हेरिटेज बिल्डिंग के रूप मेें विकसित किया जाएगा। इसकी तैयारी शासन स्तर पर शुरू हो गई है। संस्कृति विभाग की दिल्ली से आई टीम ने मंगलवार को पहुंचकर भवन की स्थिति को देखा।टीम ने पूरे नगर निगम के भवन की अंदर व ऊपरी हिस्से की फोटोग्राफी की है। यह टीम विभाग के आला अफसरों को फोटो सौंपेगी। इसके बाद दूसरी टीम आकर इतिहास व बिल्डिंग की विशेषताएं दर्ज करेगी।
इसके बाद हेरिटेज स्थल में चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। यहां से नगर निगम का कार्यालय विस्थापित होने के बाद म्यूजियम बनेगा। जिससे अयोध्या आने वाले पर्यटक व श्रद्धालु नगर निगम कार्यालय के भवन का इतिहास व उससे जुड़ी अन्य वस्तुएं जान सकेंगे।
अयोध्या का नगर निगम कार्यालय 18 वीं शताब्दी में अंग्रेजों की ओर से निर्मित कराया गया है। यह बिल्डिंग उस समय के नगर के समस्त अभिलेखों को एकत्रित करने व म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन के लिए बनाई गई थी।यह बिल्डिंग आजादी के समय का प्रतीक भी है। आजादी के बाद इसका नाम बदल कर तिलक हाल कर दिया। पहले यहां पर फैजाबाद नगर पालिका का कार्यालय था। नगर निगम बनने के बाद यह नगर निगम का मुख्य कार्यालय बना।प्राचीन बिल्डिंग होने के कारण इसको संस्कृति विभाग ने अपने दस्तावेज में दर्ज किया है। साथ ही शासन के निर्देश पर इस पुरानी बिल्डिगों को हेरिटेज भवन के मानकों की जांच व घोषणा करनी है।संस्कृति विभाग की टीम मंगलवार को अयोध्या के नगर निगम कार्यालय पहुंची। टीम ने नगर आयुक्त से मुलाकात करके पूरे भवन की दिनभर फोटोग्राफी की है। अब टीम वापस दिल्ली जाकर अपने आला अफसरों को फोटोग्राफ देगी।इसके उपरांत दूसरी टीम आएगी, जो इतिहास व दस्तावेज का निरीक्षण करेगी। साथ ही मानकों पर खरा उतरने के बाद इसको हेरिटेज भवन के रूप में घोषित किया जाएगा। इसमें म्यूजियम स्थापित किया जाएगा। इससे अयोध्या आने वाले पर्यटक व श्रद्धालु अयोध्या के बारे में जान सकेंगे।
अयोध्या के आसिफ बाग में नगर निगम का कार्यालय बनने जा रहा है। इसकी तैयारियां शुरू हो गई है। भूमि चयन की प्रक्रिया फाइनल होने के बाद अब भूमि स्थानांतरण की प्रक्रिया चल रही है।नगर निगम के नए कार्यालय के शासन की ओर से पहले से अनुमति प्रदान कर दी है। इसके लिए शासन की ओर से 50 करोड़ का बजट भी निर्धारित किया गया है।
इसके लिए प्रथम किस्त 10 करोड़ रुपये बहुत जल्द जारी होने की प्रक्रिया में है। भवन बनाने का जिम्मा जल निगम की निर्माण इकाई सीएनडीएस को मिला है। बताया जा रहा है कि अगले माह तक टेंडर जारी हो जाएंगे।मौजूदा नगर निगम का भवन प्राचीन है। इसे संस्कृति विभाग ने हेरिटेज स्थल के रूप में चिह्नित किए जाने के लिए सूचीबद्ध किया है। इसके लिए संस्कृति विभाग की टीम मंगलवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचकर फोटोग्राफी की है। जल्द ही दूसरी टीम निरीक्षण करने आएगी।इसकी पुष्टि विशाल सिंह, नगर आयुक्त अयोध्या ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *