राष्ट्रीय रोग नियंत्रण कार्यक्रम तहत पशुओं के सातवें चरण के टीकाकरण की वैन को मंत्री गिरीश चंद्र ने दिखाया हरि झंडी
जौनपुर ,21 जनवरी । यूपी के जौनपुर में राष्ट्रीय रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत खुरपका-मुंहपका रोग (एफएमडी) के सातवें चरण का टीकाकरण अभियान गुरुवार को प्रारंभ हो गया। उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव और जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र एडीएम अजय अंबष्ट ने कलेक्ट्रेट परिसर से पशुपालन विभाग के 14 बहुउद्देशीय वाहन, 4 एम्बुलेंस और 4 सचल वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि यह अभियान 22 जनवरी से 10 मार्च तक संचालित होगा। जिले को इस अभियान हेतु 6,00,550 वैक्सीन खुराकें प्राप्त हुई हैं, जबकि कुल 6,32,664 पशुओं का टीकाकरण किया जाना है। इनमें 2,95,060 गौवंशीय और 3,37,604 महिषवंशीय पशु सम्मिलित हैं।इस टीकाकरण अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जनपद के 21 विकास खंडों में कुल 43 टीमें गठित की गई हैं। प्रत्येक टीम में एक उप मुख्य पशुचिकित्साधिकारी/पशुचिकित्साधिकारी, एक पशुधन प्रसार अधिकारी तथा दो से तीन चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी/पैरावेट शामिल हैं। जिले की 1740 ग्राम पंचायतों में लगभग 2,00,000 पशुपालकों के पशुओं को टीका लगाया जाएगा।खुरपका-मुंहपका रोग एक अत्यंत संक्रामक विषाणु जनित बीमारी है, जो संक्रमित पशुओं से स्वस्थ पशुओं में तीव्र गति से फैलती है। यह रोग मुख्य रूप से गोवंश और महिषवंश को प्रभावित करता है। इसके प्रमुख लक्षणों में पशुओं को तेज बुखार आना, भोजन त्याग देना, दूध उत्पादन में कमी, मुंह और खुरों में छाले पड़ना तथा लंगड़ाना सम्मिलित हैं।इस गंभीर रोग के प्रसार को नियंत्रित करने हेतु टीकाकरण ही एकमात्र प्रभावी उपाय है। पशुपालकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण करवाकर उन्हें इस बीमारी से सुरक्षित रखें।

