फॉर्म-7 के दुरुपयोग पर प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो होगा बड़ा आंदोलन: राकेश मौर्य

फॉर्म-7 के दुरुपयोग पर प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो होगा बड़ा आंदोलन: राकेश मौर्य

 

 

जौनपुर,07 फरवरी।

यूपी के जौनपुर स्थित समाजवादी पार्टी की ज़िला इकाई की मासिक बैठक शनिवार को सदर चुंगी अलफस्टीनगंज स्थित ज़िला कार्यालय में ज़िलाध्यक्ष राकेश मौर्य की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के अंतर्गत भाजपा नेताओं द्वारा फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग को लेकर गहन चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत करते हुए ज़िला महासचिव आरिफ हबीब ने सदन को एजेंडे से अवगत कराया। उन्होंने SIR के तहत फॉर्म 6, 7 और 8 की समीक्षा, बढ़ी हुई तिथि के बाद प्राप्त आवेदनों, नोटिस व आपत्तियों के निस्तारण सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा कराई।

अध्यक्षीय संबोधन में ज़िलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा SIR कार्य को शत-प्रतिशत सफल बनाने के उद्देश्य से दूसरे चरण में एक माह का समय दिया गया है, ताकि शेष पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े जा सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा नेताओं द्वारा फॉर्म-7 का बल्क में दुरुपयोग किया जा रहा है और विशेष रूप से अल्पसंख्यक मतदाताओं के नाम कटवाने के लिए BLO पर दबाव बनाया जा रहा है।

राकेश मौर्य ने कहा कि इस संबंध में लिखित शिकायत ज़िला निर्वाचन अधिकारी, प्रेक्षक और रोल प्रेक्षक (कमिश्नर) को दी जा चुकी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने फॉर्म-7 के दुरुपयोग पर तत्काल रोक नहीं लगाई तो समाजवादी पार्टी को बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा, जिसकी पूरी ज़िम्मेदारी ज़िला प्रशासन की होगी।

बैठक में SIR कार्य में सक्रिय रूप से योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। वहीं विधानसभा क्षेत्र सदर के चौकियां निवासी विनय एडवोकेट को समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।

बैठक को पूर्व विधायक राजनरायन बिंद, श्रद्धा यादव सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन ज़िला महासचिव आरिफ हबीब

ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *