किसान संगठन ने अपनी विभिन्न मागों को लेकर डीआरएम को सौंपा ज्ञापन

किसान संगठन ने अपनी विभिन्न मागों को लेकर डीआरएम को सौंपा ज्ञापन

डोभी स्टेशन पर अधूरे कार्यों और जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता पर उठाए सवाल

जौनपुर, यूपी के जौनपुर में केराकत तहसील में पूर्वांचल किसान संगठन ने रविवार को डोभी रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) के नाम किसान यूनियन के नेता अजीत सिंह के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में वर्षों से लंबित विकास कार्यों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की कथित निष्क्रियता पर नाराजगी जताई। संगठन ने कहा कि बुनियादी समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाने के बावजूद न तो प्रशासन और न ही जनप्रतिनिधि गंभीरता दिखा रहे हैं। किसान नेता अजीत सिंह के नेतृत्व में संगठन ने केराकत टाई नाला पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। किसानों का आरोप है कि यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन क्षेत्रीय सांसद और विधायक ने आज तक इस गंभीर समस्या पर कोई ठोस पहल नहीं की। संगठन ने दावा किया कि जनहित से जुड़े कई छोटे-बड़े कार्य जनप्रतिनिधियों के बजाय किसानों और आम जनता के दबाव व संघर्ष से पूरे कराए गए।
इसके अलावा संगठन ने राष्ट्रीय राजमार्ग 233 का मामला भी उठाया, जो पिछले 14 वर्षों से अधूरा पड़ा है। किसानों ने कहा कि यह मार्ग अब दुर्घटनाओं का केंद्र बन चुका है, जिससे आम जनमानस को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके, जनप्रतिनिधियों की ओर से न तो निर्माण कार्य में तेजी लाई गई और न ही कोई प्रभावी हस्तक्षेप किया गया।
पूरनपुर रेलवे अंडरपास की मांग को लेकर भी संगठन ने रोष जताया। संगठन का कहना है कि यह मांग पिछले 15 वर्षों से लंबित है और अब तक यहां कई जानलेवा दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। किसान संगठन ने डीआरएम से मांग की कि जनहित से जुड़े लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराया जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और आम जनता को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *