नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, इसी फरवरी माह में उद्घाटन होने की संभावना है

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा: उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) का निर्माण कार्य पूरी तरह से संपन्न हो चुका है। अब जल्द ही यहां से विमान सेवाएं शुरू होने की संभावना है। उड़ान संचालन प्रारंभ होते ही यह एयरपोर्ट प्रदेश का पांचवां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन जाएगा, जो नोएडा-ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र की अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ा गेम चेंजर साबित होगा।
एयरपोर्ट निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि परियोजना का निर्माण कार्य पूर्ण हो गया है और उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
सीएम योगी ने की समीक्षा, फरवरी में उद्घाटन की संभावना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में नोएडा का दौरा कर एयरपोर्ट से जुड़ी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की थी और अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद केंद्रीय बजट 2026 के पश्चात लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ने फरवरी माह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों एयरपोर्ट के उद्घाटन की संभावना जताई थी।
सुरक्षा जांच अंतिम चरण में, लाइसेंस जल्द
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के एडिशनल सीईओ शैलेंद्र कुमार भाटिया ने भी हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान बताया कि एयरपोर्ट का निर्माण शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा जांच अंतिम चरण में है और एयरोड्रम लाइसेंस जल्द जारी होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया है और तिथि तय होते ही उद्घाटन के साथ फ्लाइट ऑपरेशन शुरू कर दिया जाएगा।
जेवर क्षेत्र में आया आर्थिक उछाल
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण से जेवर और यमुना क्षेत्र में विकास की रफ्तार कई गुना तेज हो गई है। करीब 3000 एकड़ में फैले इस एयरपोर्ट प्रोजेक्ट के चलते इलाके में जबरदस्त आर्थिक उछाल देखा जा रहा है। रियल एस्टेट की कीमतों में 20 गुना तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसका असर आगरा तक देखने को मिल रहा है।
इसके साथ ही क्षेत्र में उद्योगों, निवेश और रोजगार के अवसरों में भी तेजी से वृद्धि हुई है। एयरपोर्ट परियोजना के समानांतर सड़क और कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे यह पूरा क्षेत्र अब प्रीमियम कैटेगरी में शामिल हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *