ब्यूरो चीफ/ सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा में एक बार फिर तेज रफ्तार ने जानलेवा रूप ले लिया। सोमवार देर रात सेक्टर-62 गोलचक्कर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के लाल कुआं से दिल्ली की ओर जा रहा एक मिनी ट्रक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। हादसे में मिनी ट्रक चालक हरिओम वाहन में फंस गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद चार लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे।
इसी दौरान पीछे से आ रहे सब्जियों से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने वहां खड़े लोगों को कुचल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोग उछलकर काफी दूर जा गिरे।
घटना के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने राजगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान देवेंद्र और गोविंद के रूप में हुई है। वहीं साहिल, सचिन और हरिओम का अस्पताल में उपचार जारी है।
एक प्रत्यक्षदर्शी शाहरुख ने बताया कि वह एक शादी समारोह से लौट रहा था, तभी उसने पहला हादसा देखा। लोगों की मदद के दौरान अचानक तेज रफ्तार ट्रक ने कई लोगों को चपेट में ले लिया। शाहरुख को भी हाथ और पैर में चोटें आई हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

