शादी में जा रही महिला से 8 लाख का हार लूटा, तीन नकाबपोश बदमाश फरार

शादी में जा रही महिला से 8 लाख का हार लूटा, तीन नकाबपोश बदमाश फरार

अपाचे सवार बदमाशों ने भीड़भाड़ वाले बाजार में दिया वारदात को अंजाम, CCTV खंगाल रही पुलिस

जौनपुर, 11 फरवरी । यूपी के जौनपुर स्थित शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात एक दुस्साहसिक लूट की वारदात सामने आई। भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र में शादी समारोह में जा रही एक महिला के गले से तीन नकाबपोश बदमाशों ने सोने का हार झपट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार निवासी अनीता सोनी मंगलवार रात करीब 10 बजे अपने घर से पांच अन्य महिलाओं के साथ हनुमानगढ़ी स्थित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। जब वे चूड़ी मोहल्ला स्थित बिस्मिल्ला मार्केट के पास पहुंचीं, तभी अपाचे बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश अचानक उनके पास पहुंचे और उनके गले से सोने का हार झपटकर फरार हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पीड़िता के मुताबिक, लूटा गया हार लगभग 8 लाख रुपये का बताया जा रहा है।वही इस मामले में बुधवार को जानकारी लेने पर
प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बदमाशों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *