मुठभेड़ में फरार बदमाश मोनू बघेल गिरफ्तार, पैर में लगी गोली ,पुलिस पर किया फायरिंग
जौनपुर, 11 फरवरी।
मीरगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस मुठभेड़ के बाद सरायख्वाजा थाना क्षेत्र की पूर्व मुठभेड़ में फरार चल रहे बदमाश मोनू बघेल को गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 10 फरवरी को सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। उस दौरान पिकअप सवार दो बदमाशों में से मो. सलमान को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि मोनू बघेल अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया था।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी प्रयागराज भागने की फिराक में है। सूचना पर मीरगंज पुलिस गोधना बाजार में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर वह सेमरी अंडरपास पुलिया के पास घिर गया और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसकी पहचान मोनू बघेल (23) निवासी रामनगर, थाना अखंडनगर, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है। मौके से एक तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

