अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप से सम्मानित हुए अयोध्या के दंत चिकित्सक डॉ. एस.एच मेहदी
(राजेश श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ)
अयोध्या।जनपद के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित दंत चिकित्सक डॉ. एसएच मेहदी को उनके चिकित्सा क्षेत्र में वर्षों के समर्पण, सेवा और उत्कृष्ट योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है।उन्हें मंगलुरु में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान अंतरराष्ट्रीय सतत दंत शिक्षा महाविद्यालय की प्रतिष्ठित अधिसदस्यता (फेलोशिप) प्रदान की गई।यह सम्मान दंत चिकित्सा के क्षेत्र में निरंतर शिक्षा, नवाचार और मरीजों के प्रति समर्पित सेवा के लिए दिया जाता है। अधिसदस्यता प्राप्त करना न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि अयोध्या जैसे ऐतिहासिक शहर के लिए भी गौरव का विषय है। इस अवसर पर देश-विदेश से आए दंत चिकित्सकों, शिक्षाविदों और चिकित्सा विशेषज्ञों की उपस्थिति में डॉ. मेंहदी को यह सम्मान सौंपा गया।डॉ. एस.एच मेहदी ने इस उपलब्धि पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लंबे चिकित्सकीय सफर, गुरुओं के मार्गदर्शन और परिवार व सहयोगियों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दंत चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है, जिसके जरिए लोगों को बेहतर स्वास्थ्य और आत्मविश्वास दिया जा सकता है। यह अधिसदस्यता उन्हें भविष्य में और अधिक उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा देगी। डॉ. मेंहदी वर्षों से अयोध्या में दंत चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहे हैं और आधुनिक तकनीकों के साथ मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए जाने जाते हैं। उनके इस सम्मान से न केवल चिकित्सा जगत में उनकी प्रतिष्ठा बढ़ी है, बल्कि युवा चिकित्सकों को भी निरंतर सीखने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।जनपद के चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों ने डॉ. एस.एच मेहदी को इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

