जिलाधिकारी वि0/रा0 की उपस्थिति में एनआईसी द्वारा जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।

सुरक्षित इंटरनेट दिवस (Safer Internet Day) के अवसर पर आज कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट और अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 की उपस्थिति में एनआईसी द्वारा जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
बैठक का उद्देश्य साइबर क्राइम की घटनाओं तथा उनसे बचाव, हेल्पलाइन नंबर इत्यादि के संदर्भ में जानकारी दी गई सेफर इंटरनेट डे प्रत्येक वर्ष फरवरी माह में द्वितीय मंगलवार को मनाया जाता है, जिसके अंतर्गत स्मार्ट तकनीक के सुरक्षित विकल्पों को अपनाने, साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा इंटरनेट एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग को प्रोत्साहित करना है।

बैठक को संबोधित करते हुए अपर जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में इंटरनेट हमारी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न अंग बन चुका है, ऐसे में इसके सुरक्षित, संतुलित एवं जिम्मेदार उपयोग की आवश्यकता और भी बढ़ जाती है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं भी साइबर सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करें तथा आमजन को भी इसके प्रति जागरूक करें।

बैठक के दौरान साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा बच्चों और युवाओं को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही यह भी बताया गया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं आधुनिक तकनीकों का उपयोग तभी लाभकारी है, जब उसका प्रयोग नैतिकता, सावधानी एवं जिम्मेदारी के साथ किया जाए।
मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि सरकारी कार्यों में डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते उपयोग के दृष्टिगत सभी विभागों को डेटा सुरक्षा, पासवर्ड प्रबंधन एवं आधिकारिक सूचनाओं की गोपनीयता पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने साइबर सुरक्षा से जुड़े शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में उपस्थित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने कार्यालयों एवं क्षेत्र स्तर पर सुरक्षित इंटरनेट उपयोग को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें, जिससे आम नागरिक डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित और सकारात्मक उपयोग कर सकें।

इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *