महिला, किसान और युवाओं पर केंद्रित है यूपी का बजट: प्रो. मानस पाण्डेय
जौनपुर,। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत इस वर्ष का बजट महिला सुरक्षा, किसान कल्याण और युवाओं के समग्र विकास पर केंद्रित है। इस मामले पर हिंदुस्थान समाचार प्रतिनिधि से गुरुवार को बात करते हुए वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में
व्यावसायिक अर्थशास्त्र विभाग के प्रो. मानस पाण्डेय ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट राज्य के संतुलित एवं समग्र आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उनके लिए क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से छोटे-छोटे कार्यों हेतु ब्याज मुक्त ऋण की व्यवस्था की है, जिससे महिला उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही महिला किसानों को भी विशेष रूप से ध्यान में रखा गया है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल है।
प्रो. पाण्डेय ने बताया कि युवाओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए प्रदेश की 18 कमिश्नरी में स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने की घोषणा की गई है। इससे खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। रोजगार के क्षेत्र में एमएसएमई और कौशल विकास योजनाओं के माध्यम से रोजगार सृजन को बढ़ावा देने का प्रावधान किया गया है, जो युवाओं की सबसे बड़ी चिंता को दूर करने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि अवस्थापना और औद्योगिक विकास के लिए बजट में पर्याप्त प्रावधान किए गए हैं। गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना को आगे बढ़ाने तथा निवेशकों के लिए सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से सरल और सुरक्षित व्यावसायिक वातावरण उपलब्ध कराने की व्यवस्था राज्य को निवेश के अनुकूल बनाएगी।
शिक्षा क्षेत्र में विद्यालयों को स्मार्ट एवं आवासीय विद्यालयों में परिवर्तित करने तथा शिक्षकों को कैशलेस इलाज की सुविधा प्रदान करने का निर्णय सरकार की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। वहीं किसानों के लिए कुसुम योजना का प्रावधान कर उन्हें पारंपरिक खेती से आगे बढ़ाकर उद्यमिता की ओर प्रेरित करने का प्रयास किया गया है।
प्रो. मानस पाण्डेय ने कहा कि यह बजट सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक सुदृढ़ीकरण और विकास के संतुलन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो प्रदेश को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होगा।

