रेलवे मजदूर यूनियन का भंडारी जंक्शन पर प्रदर्शन, श्रम कानून व निजीकरण के विरोध में बांधी काली पट्टी
जौनपुर, 13 फरवरी। यूपी के जौनपुर स्थित भंडारी जंक्शन रेलवे स्टेशन पर उत्तरी रेलवे मजदूर यूनियन, जौनपुर शाखा के तत्वावधान में सरकार की नीतियों के विरोध में शुक्रवार को प्रदर्शन किया गया। केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित इस विरोध कार्यक्रम का नेतृत्व शाखा मंत्री राकेश सिंह ने किया।
प्रदर्शन के दौरान यूनियन के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर अपनी नाराजगी जताई। यूनियन ने 26 श्रम कानूनों को समाप्त कर लागू किए गए आईआर कोड एवं अन्य लेबर कोड का विरोध किया। साथ ही नई पेंशन योजना (NPS) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने की मांग उठाई।
यूनियन ने सरकारी विभागों में निगमीकरण और निजीकरण को बढ़ावा दिए जाने का भी विरोध किया। शाखा मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार को पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कथित ‘काले कानून’ वापस नहीं लिए गए तो यूनियन अपने शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर आगे भी व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी मौजूद रहे और उन्होंने एकजुटता के साथ अपनी मांगों को दोहराया।

