शाहगंज स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय, में आयोजित लिटरेसी क्लब की बैठक में प्रतिभाग करते हुए

मा0 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में जनपद में चल रहे मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर पात्र युवाओं एवं महिलाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने हेतु प्रेरित किया जा रहा है।

इसी क्रम में शाहगंज स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय, में आयोजित लिटरेसी क्लब की बैठक में प्रतिभाग करते हुए अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानंद झा ने छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सुदृढ़ता के लिए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी छात्राओं को मतदाता बनने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा निर्वाचन संबंधी प्रपत्रों की जानकारी दी।

बैठक के दौरान पात्र छात्राओं को फॉर्म-6 उपलब्ध कराकर उसे भरवाया गया तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध रूप से अग्रसारित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के पात्र लोगों को भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने हेतु प्रेरित करें।

इसके साथ ही रामअवध गन्ना कृषक महाविद्यालय, ताखा शाहगंज में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने युवा एवं महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि मतदान न केवल एक संवैधानिक अधिकार है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का सशक्त माध्यम भी है।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने, त्रुटि संशोधन एवं स्थानांतरण से संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेष रूप से महिला मतदाताओं को उनके अधिकारों, मतदान के महत्व तथा निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी भूमिका के बारे में जागरूक किया गया। इस अवसर पर भी पात्र विद्यार्थियों से फॉर्म-6 भरवाकर उनका पंजीकरण सुनिश्चित कराया गया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। जनपद प्रशासन द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक युवा एवं महिलाएं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *