मोदी-ट्रंप ट्रेड डील रद्द करने की मांग को लेकर आप का प्रदर्शन
जौनपुर, 14 फरवरी।आम आदमी पार्टी (आप) के जिलाध्यक्ष राम रतन विश्वकर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई कथित ट्रेड डील को तत्काल रद्द करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष राम रतन विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि यह समझौता देश के किसानों और आम नागरिकों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि डील की शर्तों, संभावित लाभार्थियों और दूरगामी प्रभावों को लेकर देशभर में गंभीर चिंताएं हैं। पार्टी का आरोप है कि इस समझौते पर न तो संसद को विश्वास में लिया गया और न ही जनता के समक्ष पारदर्शिता बरती गई।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुछ भारतीय उद्योग समूहों के खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी कार्रवाई सामने आई है, ऐसे में इस डील की संवेदनशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। पार्टी ने पूर्व में हुई राफेल डील का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकारी निर्णयों से चुनिंदा कॉरपोरेट समूहों को लाभ पहुंचाने के आरोप लगे थे।
आप नेताओं ने दावा किया कि प्रस्तावित व्यवस्था के तहत अमेरिका भारतीय उत्पादों पर 18 प्रतिशत शुल्क लगाएगा, जबकि भारत अमेरिकी उत्पादों पर शून्य शुल्क वसूलेगा। उन्होंने आशंका जताई कि कृषि बाजार खुलने से सब्सिडी प्राप्त अमेरिकी किसानों के मुकाबले भारतीय किसान प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाएंगे। पार्टी ने सरकार से डील की शर्तें सार्वजनिक कर पुनर्विचार की मांग की है।

