डॉक्टर को दिनदहाड़े गोली मारकर फरार हुए नकाबपोश बदमाश, रंगदारी की धमकी का आरोप

डॉक्टर को दिनदहाड़े गोली मारकर फरार हुए नकाबपोश बदमाश, रंगदारी की धमकी का आरोप

जौनपुर, 14 फरवरी। यूपी के जौनपुर जिले के बक्शा थाना क्षेत्र स्थित लखौवा बाजार में शनिवार शाम करीब 3:30 बजे अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने एक डॉक्टर को गोली मार दी। घायल डॉक्टर को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लखौवा बाजार निवासी डॉ. वी.के. बंगाली अपने घर पर ही डिस्पेंसरी चलाते हैं। शनिवार को वह रोज की तरह मरीजों का उपचार कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। तीनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक से उतरे एक बदमाश ने अचानक पिस्तौल निकालकर डॉक्टर पर फायरिंग कर दी। बदमाश ने तीन राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली डॉक्टर के पैर में लगी, जबकि दो गोलियां मिस हो गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बाजार में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल डॉक्टर को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया।
डॉ. बंगाली ने पुलिस को बताया कि 10 जनवरी को वह एक शादी समारोह में शामिल होने अपने घर गए थे और 6 फरवरी को लखौवा लौटे। इसी बीच उनके व्हाट्सएप नंबर पर एक कॉल आई थी, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को ‘सोले सिंह’ बताते हुए 24 घंटे के भीतर 50 लाख रुपये की व्यवस्था करने की धमकी दी थी। रकम न देने पर गोली मारने की चेतावनी भी दी गई थी।
थानाध्यक्ष लक्ष्मण विक्रम सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल की जांच की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *