*पाली थाना क्षेत्र के मुड़रामऊ में डिप्टी कमिश्नर के भाई की हुई हत्या,जांच में जुटी पुलिस*
*हरदोई* शनिवार को पाली थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़रामऊ में सुबह एक युवक घायल अवस्था में खून से लथपथ अपने घर में पड़ा मिला, पड़ोसी की सूचना पर पहुंची पुलिस एवं ग्रामीणों ने एंबुलेंस से उसे पाली पीएचसी भेजा, गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने गांव के ही दो लोगों पर पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप लगाया है,जानकारी के मुताबिक युवक के पिता की बीते लगभग ढाई साल पहले हत्या कर दी गई थी। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार पाली थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़रामऊ में विजय प्रकाश (35) पुत्र स्व0 दयाराम राठौर अपनी मां गोमती के साथ रहता था, उसका भाई रामेंद्र मथुरा में डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात है। ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 5.30 बजे विजय प्रकाश पड़ोस में रहने वाले सुशील मिश्रा के घर में घुसा और गांव के ही इन्द्रपाल एवं नरेश के नाम लेकर कह रहा था कि वह लोग उसकी हत्या कर देंगे, उसके घर में गंडासा लिए बैठे हैं। इसके बाद वह सुशील मिश्रा के घर पर लगे पेड़ पौधों के बीच लेट गया। सुशील मिश्रा ने विजय प्रकाश को उसकी मां गोमती के साथ मिलकर घर पहुंचाया और वह नित्य क्रिया में व्यस्त हो गए। करीब आधा घंटा बाद रोने चीखने की आवाज सुनकर सुशील मिश्रा व अन्य ग्रामीण विजय प्रकाश के घर पहुंचे तो देखा कि विजय प्रकाश खून से लथपथ अपने आंगन में पड़ा था और उसकी आंतें बाहर निकल आई थी। सुशील मिश्रा ने पाली थाना पुलिस सहित एंबुलेंस को फोन किया, सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल अवस्था में विजय प्रकाश को एंबुलेंस से पाली पीएचसी भेजा, जहां से उसे गंभीर हालत होने के कारण हरदोई रेफर कर दिया गया। हरदोई में इलाज के दौरान विजय प्रकाश ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने बताया कि विजय प्रकाश अविवाहित था। मृतक की मां गोमती ने गांव निवासी महावीर और समरपाल के खिलाफ थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। आरोपियों से मृतक के परिवार की पुरानी रंजिश चल रही है। घटना को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह, एएसपी शाहाबाद आलोक राज नारायण भारी पुलिस बल के साथ मुड़रामऊ पहुंचे और बारीकी से जांच पड़ताल की। एएसपी ने घटना के संबंध में पड़ोसियों के भी बयान दर्ज किए और जानकारी जुटाई। एएसपी आलोक राज नारायण ने परिजनों की मांग पर विजय प्रकाश के शव के पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी करने का भी निर्देश दिया। वहीं एएसपी एम पी सिंह ने कहा कि एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

