अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा पुलवामा हमले की बरसी पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई, लगाए गए पौधे
जौनपुर।अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा पुलवामा हमले की बरसी पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। यह कार्यक्रम शनिवार को पार्थ ग्लोबल स्कूल, रुहट्टा में आयोजित किया गया, जिसमें भूतपूर्व सैनिकों, छात्रों, शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान, शहीदों की याद में कैंडल जलाकर मौन रखा गया। इसके अतिरिक्त, सभी सदस्यों ने वृक्षारोपण कर अमर सपूतों को नमन किया।
अखिल भारतीय भूतपूर्व सैनिक संगठन के विधिक सलाहकार राजबहादुर पाल और सूबेदार मेजर बी.एन. दुबे ने वृक्षारोपण के साथ शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। राजबहादुर पाल ने कहा कि सेना के सिपाही का बलिदान समाज पर एक ऋण है। उन्होंने मां भारती के अमर वीर सपूतों को शत-शत नमन करते हुए कहा कि पुलवामा का त्याग आतंकवाद के विरुद्ध हम सभी को एकजुट करता है।
भूतपूर्व सैनिक राजबहादुर पाल ने बच्चों के साथ अपने कारगिल युद्ध के अनुभव साझा किए, जिसमें उन्होंने घायल होने के बावजूद युद्ध जारी रखा था। उन्होंने अपनी और अन्य सैनिकों की वीरगाथाएं सुनाईं और बच्चों को देश के शौर्य और पराक्रम को जानने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्राचार्या डॉ. शिप्रा सिंह ने कहा कि सैनिकों की बहादुरी और सर्वोच्च बलिदान प्रत्येक भारतीय को एक मजबूत और समृद्ध देश की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करता है। मेजर सूबेदार बी.एन. दुबे ने पुलवामा में जान गंवाने वाले सभी वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि हम उनके और उनके परिवारों के सर्वोच्च बलिदान के लिए हमेशा ऋणी रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों की बस पर हमला किया था। इस आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकी ने विस्फोटकों से लदे वाहन से सीआरपीएफ की बस को टक्कर मार दी थी। इस घटना के बाद देश में पाकिस्तान के खिलाफ व्यापक गुस्सा देखा गया था।

