एआईएमआईएम सिर्फ मुस्लिमों की नहीं, सभी हिंदुस्तानियों की पार्टी: इमरान बंटी

एआईएमआईएम सिर्फ मुस्लिमों की नहीं, सभी हिंदुस्तानियों की पार्टी: इमरान बंटी

जौनपुर, 14 फरवरी। यूपी के जौनपुर में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के जिलाध्यक्ष इमरान बंटी ने पार्टी को लेकर प्रचलित धारणा को निराधार बताया है। शनिवार को पत्रकारो से बातचीत करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि एआईएमआईएम को केवल मुस्लिम समाज की पार्टी कहना गलत और भ्रामक है।
बंटी ने कहा कि एआईएमआईएम सभी हिंदुस्तानियों की पार्टी है और समाज के हर वर्ग की आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब मुस्लिम समाज का कोई व्यक्ति अपने हक और मुद्दों की बात करता है तो तथाकथित धर्मनिरपेक्ष दल उसे ‘वोट काटने वाला’ बताकर जनता को गुमराह करते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मुस्लिम समाज सामाजिक और राजनीतिक रूप से हाशिये पर है। संवैधानिक पदों पर बैठे कुछ लोगों द्वारा की जाने वाली टिप्पणियों से अल्पसंख्यक समाज में भय का वातावरण बनता है। उन्होंने कहा कि जब पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी इन मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हैं तो उन्हें अनावश्यक रूप से विवादित बताया जाता है।
आगामी जिला पंचायत चुनाव को लेकर बंटी ने घोषणा की कि पार्टी 50 से अधिक सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने दावा किया कि एआईएमआईएम के समर्थन के बिना जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव आसान नहीं होगा। साथ ही बताया कि विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है।
इस अवसर पर पूर्वांचल संयुक्त सचिव जावेद सिद्दीकी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *