अयोध्या।(डा.अजय तिवारी जिला संवाददाता) क्षेत्र में हुई भारी वर्षा के बाद किसानों के चेहरे पर खुशियां स्पष्ट रूप से झलक रही है । वर्षा होने से धान ,गन्ना सहित अन्य फसलों को फायदा पहुंचा है । अनुभवी किसानों का कहना है कि वर्षा होने से जिन फसलों को पानी की आवश्यकता थी वह पूरी हो गई है । वर्षा होने के बाद जगह जगह जलभराव नजर आने लगा है । धान की फसल जो सूख रही थी उसे वर्षा का जल मिलने से फायदा पहुंचा है। वही क्षेत्र के अहमदाबाद निवासी किसान रोशन लाल यादव का कहना है कि बार बार भारी वर्षा होने से फसलों को फायदा कम नुकसान अधिक हो रहा है। जो फसल धान काटने के लिए तैयार हो चुकी हैं भारी भारी वर्षा होने से फसलें सड़ने का डर बढ़ चुका है । धान की जिस फसल में बालिया निकल रही है भारी वर्षा से उस धान की फसल को भारी नुकसान होने की उम्मीद है। रुदौली नगर के निवासी राहिल अंसारी का कहना है कि जलभराव भारी वर्षा के बाद जगह जगह नजर आ रहा है। भारी वर्षा होने के बाद व्यवस्था की पोल खुल गई है। नालियां टूटी होने के चलते वर्षा का पानी सड़क पर भर जाता है ।जिससे नगर वासियों के साथ साथ राहगीरों को भी आवागमन में असुविधा झेलना पड़ता है। नालियों की मरम्मत पूर्ण रूप से कर दिया जाए तो वर्षा का पानी नाले के सहारे नगर क्षेत्र के बाहर चला जाएगा। जैसे ही रुदौली नगर में भारी वर्षा होती है वर्षा का पानी पक्के मकानों में भी भर जाता है। राहिल अंसारी आगे बताते हैं कि जिम्मेदार जनप्रतिनिधि नाली निर्माण एवं नाली नाला मरम्मत कार्यो पर ध्यान नहीं देते है ।टूटी हुई नालियों के कारण वर्षा का पानी सड़क पर भरा नजर आ रहा है ।ग्रामीण क्षेत्र के किसानों का कहना है कि जब जब भारी वर्षा होती है जलभराव के कारण किसानों की सैकड़ो हेक्टेयर फसलें नष्ट हो जाती है ।कूढा सादात सहित आसपास के गांव में भारी वर्षा के बाद जलभराव के कारण कई वर्षों से फसलें नष्ट हो जाती है ।इस वर्ष भी भारी वर्षा होने से किसानों की हजारों हेक्टेयर भूमि की फसलें जलभराव से नष्ट हो चुकी हैं।

