ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद में सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को अब बड़ी राहत मिलेगी। जिला प्रशासन ने 90 निजी अस्पतालों को चिन्हित किया है, जहां हादसे के बाद घायलों को पहले 7 दिनों तक इमरजेंसी इलाज, जांच, दवाइयां और सर्जरी सहित आवश्यक सेवाएं मुफ्त उपलब्ध कराई जाएंगी। इलाज का खर्च आयुष्मान भारत योजना की दरों पर सीधे अस्पतालों को दिया जाएगा।
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय के निर्देश पर यह व्यवस्था लागू की जा रही है, ताकि गोल्डन ऑवर्स में तुरंत उपचार मिल सके और जान बचाई जा सके। अस्पतालों को किसी भी घायल को भर्ती करने से मना न करने और पूरा इलाज रिकॉर्ड ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।
योजना में कई प्रमुख निजी और सरकारी अस्पताल शामिल किए गए हैं, जिनमें यशोदा सुपर स्पेशलिटी, संतोष मेडिकल कॉलेज, साईं संजीवनी, वसुंधरा, मेयो, शिवम और अन्य ट्रामा सेंटर शामिल हैं। इससे मरीजों और परिजनों पर आर्थिक बोझ कम होगा और समय पर इलाज सुनिश्चित होगा।

