घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य- वेद गुप्ता

घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य- वेद गुप्ता

(राजेश श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ)

अयोध्या।कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई सुचारु रखने को लेकर अफसरों और एजेंसी संचालकों की बैठक की गई।विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि इस विषय में मुख्यमंत्री से वार्ता कर अयोध्या में कमर्शियल सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाएगा। सर्किट हाउस में गैस एजेंसी संचालकों, इंडियन ऑयल के अधिकारियों एडीएम सिटी योगानंद पाण्डेय तथा जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्र के साथ बैठक कर मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में कमर्शियल सिलेंडरों की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर मंथन किया गया।विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री दोनों ही स्पष्ट कर चुके हैं कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।विधायक ने कहा कि अयोध्या एक महत्वपूर्ण धार्मिक नगरी है और आने वाले दिनों में रामनवमी का पर्व भी निकट है। ऐसे में शहर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या में संतों और महंतों के यहां नियमित रूप से भंडारे आयोजित होते हैं। कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित होने से होटल, गेस्ट हाउस और रेस्टोरेंट संचालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आने वाले समय में शहर में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है, विशेषकर 19 मार्च को बड़ी संख्या में लोगों के आगमन की उम्मीद है।विधायक ने स्पष्ट किया कि घरेलू सिलेंडरों की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है, लेकिन जागरूकता के अभाव में लोग घबराकर गैस एजेंसियों पर लाइन लगा रहे हैं।इससे उपभोक्ताओं के साथ-साथ गैस डीलरों को भी अनावश्यक परेशानी हो रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें।मौके पर डीलर रामू प्रियदर्शी, रतन सिंह, सहित अन्य लोगों की मौजूदगी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *