जनगणना कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र

जनगणना कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र

जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक में दिए सख्त निर्देश

जौनपुर।यूपी के जौनपुर में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में शनिवार को जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना की तैयारियों, प्रशिक्षण एवं संसाधनों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जनगणना कार्य निदेशालय के प्रतिनिधि एवं जनपद जनगणना प्रभारी युवराज गर्ग ने अधिकारियों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने डेटा संकलन की प्रक्रिया, तकनीकी व्यवस्थाओं और फील्ड स्तर पर अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसके आधार पर विभिन्न विकास योजनाओं का निर्माण और क्रियान्वयन होता है। उन्होंने निर्देश दिया कि यह कार्य पूरी पारदर्शिता, गंभीरता और समयबद्धता के साथ संपन्न किया जाए। सभी गणनाकारों को फील्ड में जाते समय अनिवार्य रूप से अपना पहचान पत्र धारण करने के निर्देश दिए गए, ताकि पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।
बैठक में बताया गया कि तीन अधिकारियों/कर्मचारियों को मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षित किया गया है, जो आगे संबंधित कार्मिकों को प्रशिक्षण देंगे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी से करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, जॉइंट मजिस्ट्रेट सौरभ कुमार, समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदारगण एवं अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *